
शिक्षक व कर्मचारी शिक्षण संस्थान का मजबूत आधार : प्रो. सोमनाथ सचदेवा
कुवि के सेवानिवृत्त शिक्षकों व कर्मचारियों को प्रशासन की ओर से विदाई पार्टी।
थानेसर, संजीव कुमारी 31 अगस्त : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में सोमवार को तीन शिक्षकों व दो गैर-शिक्षक कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति के अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा आयोजित विदाई पार्टी में कुवि कुलगुरु प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि शिक्षक व कर्मचारी शिक्षण संस्थान का मजबूत आधार होते हैं जो संस्थान के उत्थान एवं विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों से औपचारिक बातचीत की। उन्होंने विश्वविद्यालय में बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए उनके सुझाव लिए व उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय कर्मचारियों के हितों के लिए सदैव सकारात्मक दृष्टिकोण रखेगा तथा भविष्य में भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के अनुभव विश्वविद्यालय के काम आएंगे।
कुवि कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल ने भी शिक्षकों व कर्मचारियों के अच्छे स्वास्थ्य की कामना। इस मौके पर सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों ने अपने विचार व अनुभव सांझा किए। सभी ने भविष्य में भी जरूरत पड़ने पर विश्वविद्यालय के लिए हर समय तैयार रहने का आश्वासन दिया व इस विदाई पार्टी के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार प्रकट किया।
सेवानिवृत्त होने वालों में इलेक्ट्रानिक्स विभाग के प्रोफेसर सुरेश कुमार, इंस्ट्रूमेंटेशन विभाग के प्रो. वी.एम.मूर्ति, आईआईएचएस से मनोविज्ञान की प्रोफेसर शशि, अकाउंट ब्रांच की अधीक्षक अनिता रानी तथा यूनिवर्सिटी प्रेस से सुपरवाइजर विनोद कुमार त्रिपाठी शामिल हैं। इस मौके पर कुवि कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल, प्रो. अवनीश वर्मा, प्राचार्या प्रो. रीटा, प्रो. सीआर. ड्रोलिया, प्रो. मुकेश कुमार, लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया, कुटा प्रधान डॉ. जितेन्द्र खटकड़, प्रैस मैनेजर रामेश्वर सैनी, सहायक कुलसचिव बलजिंदर सिंह, विकास कांतिवाल, जगदीश खनौदा, सहित सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिवारजन मौजूद थे।


