Uncategorized
नशों के खिलाफ जंग में समाज की एकजुटता, राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया की पदयात्रा में सेवा भारती, फिरोजपुर फाउंडेशन, भक्ति भजन ग्रुप की सक्रिय भागीदारी

नशों के खिलाफ जंग में समाज की एकजुटता, राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया की पदयात्रा में सेवा भारती, फिरोजपुर फाउंडेशन, भक्ति भजन ग्रुप की सक्रिय भागीदारी
(पंजाब) फिरोजपुर 10 फरवरी 2026 [कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता]=
पंजाब को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया की अगुवाई में निकाली गई “युद्ध नशों के विरुद्ध” पदयात्रा में विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस जन-जागरूकता पदयात्रा में सामाजिक संस्था सेवा भारती की भी सक्रिय भागीदारी रही, जिससे अभियान को और अधिक मजबूती मिली।
इस अवसर पर सेवा भारती के प्रधान त्रिलोचन चोपड़ा ने कहा कि नशा आज पंजाब की सबसे गंभीर सामाजिक समस्याओं में से एक बन चुका है। इसके खिलाफ केवल सरकारी प्रयास ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल द्वारा स्वयं पदयात्रा निकालकर लोगों को जागरूक करना एक प्रेरणादायक कदम है, जो युवाओं और आम जनता को सही दिशा देने का काम करेगा।
वहीं भक्ति भजन ग्रुप के संस्थापक धर्मपाल ने कहा कि नशों के खिलाफ यह पदयात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने बताया कि इस तरह के अभियानों से लोगों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ती है और समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
पदयात्रा के दौरान “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। फिरोजपुर फाउंडेशन के संस्थापक श्री शैलेंद्र (बबला) ने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि पंजाब का समाज नशे के खिलाफ इस लड़ाई में एकजुट है।
कार्यक्रम के अंत में सेवा भारती फिरोजपुर, भक्ति भजन ग्रुप फिरोजपुर, फिरोजपुर फाउंडेशन फिरोजपुर लंगर सेवा, ब्राह्मण सभा नमक मंडी फिरोजपुर, एन जी ओ को-ऑर्डिनेशन कमेटी जिला फिरोजपुर, सरबत का भला सोसाइटी फिरोजपुर और शहर की बड़ी संख्या में लगभग सभी संगठनों ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी नशामुक्त पंजाब के निर्माण के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम निरंतर जारी रखे जाएंगे।



