गुरुकुल के भ्रमण पर पहुंचे यूपी के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा अद्भुत है राज्यपाल आचार्य देवव्रत का प्राकृतिक कृषि माॅडल

हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 9416191877

कुरुक्षेत्र, 7 अक्तूबर : गुजरात के महामहिम राज्यपाल आचार्य देव्रवत जी का प्राकृतिक कृषि माॅडल अद्भुत है और किसानों की आय को बढ़ाने में कारगर सिद्ध होगा। यह शब्द उत्तर प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने आज गुरुकुल कुरुक्षेत्र के प्राकृतिक कृषि फार्म, अत्याधुनिक गोशाला, जीवामृत, घनजीवामृत निर्माण केन्द्र सहित अन्य प्रकल्पों का अवलोकन करने के उपरान्त कहे। उन्होंने कहा कि गन्ना का क्षेत्र न होते हुए भी गुरुकुल के फार्म पर गन्ना की विभिन्न किस्में उच्च गुणवत्ता और बम्पर पैदावार के साथ उगाई जा रही है, यह किसी करिश्में से कम नहीं है जो रासायनिक खेती में कभी सम्भव नहीं हो सकता। यह कमाल प्राकृतिक खेती से ही हो पाया है। इस अवसर पर गुरुकुल के प्रधान राजकुमार गर्ग, मुख्य अधिष्ठाता राधाकृष्ण आर्य, व्यवस्थापक रामनिवास आर्य सहित मंत्री जी के साथ विशेष सचिव देवेन्द्र कुमार पाण्डेय, डाॅ. अरविन्द कुमार मुख्य कार्यकारी अधिकारी पशुधन विकास परिषद, डाॅ. गौरव सिंह, डाॅ. वी. के. त्रिपाठी, प्राकृतिक खेती के स्टेट एडवाइजर डाॅ. हरिओम मौजूद रहे। बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के विशेष आग्रह पर गत दिनों महामहिम राज्यपाल आचार्य देवव्रत उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ गये थे। वहां प्राकृतिक खेती एवं देशी गाय के संवर्धन और नस्ल सुधार पर मुख्यमंत्री और राज्यपालश्री के मध्य मंत्रणा हुई जिसके बाद योगी आदित्यनाथ ने कृषि और पशुधन विभाग के मंत्रियों को गुरुकुल का दौरा करने के लिए यहां भेजा। इसी संदर्भ में उत्तर प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह आज गुरुकुल कुरुक्षेत्र पहुंचे।
गुरुकुल के प्राकृतिक फार्म पर ड्रेगन फ्रूट, सदाबहार आम, अमरूद, लीची, अखरोट और सेब के बाग को देख मंत्रीजी अचरज में पड़ गये क्योंकि सेब तो हिमाचल, कश्मीर जैसे ठंडे इलाकों में ही होते हैं मगर आचार्य देवव्रत जी के प्राकृतिक कृषि माॅडल से अब जल्द ही हरियाणा में भी सेब का उत्पादन हो सकेगा। इसी प्रकार गन्ने की उच्च गुणवत्ता वाली सीओ 239 और सीओजे 85 किस्मों की 500 क्विंटल प्रति एकड़ तक पैदावार गुरुकुल के फार्म पर हो रही है, जिसे सुनकर मंत्री महोदय की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने कहा कि फसल का अवलोकन करने के उपरान्त यह स्पष्ट है कि गुरुकुल के फार्म पर प्राकृतिक कृषि से 450 से 500 क्विंटल प्रति एकड़ तक गन्ना की पैदावार ली जा सकती है, जब बिना किसी खाद, पेस्टीसाइड और दवाइयों पर खर्च के इतनी अच्छी पैदावार होगी तो किसान तो मालामाल हो जाएगा, यही देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का विजन है। फार्म के भ्रमण के दौरान मंत्री महोदय व उनके साथ आए विशेषज्ञों ने प्राकृतिक खेती में जीवामृत और घनजीवामृत के प्रयोग सहित मन में आए अनेक प्रश्न किये जिनके सटीक जवाब फार्म मैनेजर गुरदीप ने दिये। वहीं डाॅ. हरिओम ने प्राकृतिक कृषि से जैविक कार्बन और लगातार घटते जलस्तर में सुधार का वैज्ञानिक पक्ष मंत्री महोदय को सरल शब्दों में समझाया।
फार्म के बाद मंत्री महोदय का काफिला गुरुकुल की अत्याधुनिक गोशाला पहुंचा जहां पर उन्होंने गाय के नस्ल-सुधार पर विस्तार से चर्चा की। गोशाला मैनेजर राजकुमार ने बताया कि गुरुकुल की गौशाला में देशी गाय लगभग 20 लीटर और एच.एफ 56 लीटर दूध देती है। गोशाला में साहिवाल, गिर, थारपारकर, हरियाणवी, राठी, रेड सिंधी देशी और एच.एफ. सहित लगभग 350 गोवंश है जिनसे प्रतिदिन 14.5 क्विंटल दूध का उत्पादन होता है। मंत्री जी ने गोमाता के स्वीमिंग पूल, मिल्किंग पार्लर, वातानुकूलित शैड, साइलेज पिट सहित अश्वशाला का भी भ्रमण किया। गोशाला की व्यवस्थाओं को देख मंत्री जी काफी खुश नजर आए, उन्होंने अपने विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही गुरुकुल की गोशाला मंे चल रहे नस्ल सुधार कार्यक्रम की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी गोवंश की उन्नत नस्ल तैयार करने के निर्देश दिये। भ्रमण के उपरान्त गुरुकुल के प्रधान राजकुमार गर्ग, मुख्य अधिष्ठाता राधाकृष्ण आर्य, व्यवस्थापक रामनिवास आर्य ने मंत्री महोदय को उपहार भेंट कर सम्मानित किया। मंत्री महोदय ने भी उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से राज्यपाल आचार्य देवव्रत जी व गुरुकुल प्रबंधक समिति के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

Read Article

Share Post

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Please rate

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कृषि विश्वविद्यालय का दो दिवसीय किसान मेला स्थगित

Sat Oct 8 , 2022
रिपोर्ट पदमाकर पाठक कृषि विश्वविद्यालय का दो दिवसीय किसान मेला स्थगित आजमगढ़। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या में 11 एवं 12 अक्टूबर को आयोजित होने वाले दो दिवसीय राज्य स्तरीयकिसान मेले को बारिश के कारण कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया गया है। जिसमें राज्य […]

You May Like

Breaking News

advertisement