Breaking Newsछत्तीसगढ़जगदलपुर

ग्रामीणों ने ली जल संरक्षण की शपथ

पीएचई विभाग ने उत्साह पूर्वक मनाया रजत जयंती महोत्सव

जगदलपुर 04 फरवरी 2026/ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग जगदलपुर द्वारा बस्तर जिले में रजत जयंती महोत्सव का आयोजन बेहद गरिमापूर्ण और उत्साहजनक माहौल में किया गया। इस विशेष अभियान की गूंज ग्राम चितापदर, कामानार, जूनावानी, परचनपाल, मांझीभाटा, ककनार और कोटमसर जैसे सुदूर वनांचलों तक सुनाई दी, जहां विभाग ने एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया।
महोत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न सत्रों में ग्रामीणों को जल के बहुमूल्य महत्व को गहराई से समझाया गया। विभाग के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए बताया कि जल केवल एक संसाधन नहीं बल्कि जीवन का आधार है, इसलिए जल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई रखना और संसाधनों की रक्षा करना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। शुद्ध पेयजल के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए मौके पर ही ग्रामीणों को जल गुणवत्ता जांचने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया, ताकि वे स्वयं पानी की शुद्धता परख सकें।
पर्यावरण और स्वच्छता को केंद्र में रखते हुए ग्रामीणों को गंदे पानी के प्रबंधन के नायाब तरीके भी सिखाए गए। उन्हें बताया गया कि किस प्रकार प्रत्येक घर में सोख्ता गड्ढा बनाकर और किचन गार्डन लगाकर निस्तारी पानी का सदुपयोग किया जा सकता है। इसके साथ ही, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए ज्यादा से ज्यादा स्थानीय पेड़ लगाने हेतु लोगों को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में जल प्रदाय व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नियमित रूप से जल कर का भुगतान करने की अनिवार्यता पर भी जोर दिया गया।
इस पूरे आयोजन में गांव के सरपंच, सचिव, पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, कोटवार और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की सार्थकता को और बढ़ा दिया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ओर से इस महोत्सव को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर श्रीमती ज्योत्सना सूना, श्रीमती नेहा साहू और श्री प्रवीण कुमार वर्मा ने अथक प्रयास करते हुए अपना पूरा सहयोग प्रदान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel