
कैटरिंग व्यवसाय को संगठित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में उठाए महत्वपूर्ण कदम।
कुरुक्षेत्र,प्रमोद कौशिक/अमित 15 जून : हरियाणा कैटरिंग एसोसिएशन के चेयरमैन धर्मपाल सैनी ने कहा कि कैटरिंग के व्यवसाय में सभी सदस्यों को एकजुट होकर सख्त निर्णय लेने की जरुरत है। यदि सभी एकजुट होंगे तो व्यवसाय को बढ़ाने के साथ-साथ सभी का मान-सम्मान भी बरकरार रहेगा। इसके साथ ही यूनियन में तय नियमों का भी सभी पालन करें।
पानीपत के समालखा स्थित द रॉयल वेनेशियन होटल में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हरियाणा कैटरिंग यूनियन और ऑल इंडिया कैटरिंग एसोसिएशन द्वारा कैटरिंग व्यवसाय को संगठित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही कई महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सख्त फैसले लिए गए। कार्यक्रम में मौजूद सभी सदस्यों की सहमति से लिए गए फैसलों को तुरंत प्रभाव से लागू किया गया।
इस कार्यक्रम में फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया कैटर्स के प्रधान नरेंद्र सोमानी, उपप्रधान मनीष ठक्कर और सुनील सोखिया विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं हरियाणा कैटरिंग एसोसिएशन के चेयरमैन धर्मपाल सैनी, प्रधान अवनी गुप्ता (अन्नपूर्णा रसोई के संचालक) और उपप्रधान प्रदीप कुमार भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े विभिन्न मुद्दों, संगठन की मजबूती, व्यवसायिक चुनौतियों और नई कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही हाल ही में जारी बुकिंग, भुगतान और कार्यक्रम संचालन संबंधी नियमों और शर्तों को लेकर भी सदस्यों को जागरूक किया गया। यूनियन के अनुसार बुकिंग के लिए एडवांस राशि, भुगतान प्रक्रिया, अतिरिक्त प्लेटों के शुल्क, मेन्यू में बदलाव, गेस्ट काउंट और कार्यक्रम के समय को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए गए हैं, ताकि आयोजकों और कैटरर्स के बीच बेहतर समन्वय बना रहे और किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम हरियाणा के कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां उद्योग से जुड़े कई अहम फैसलों और भविष्य की योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।


