Uncategorized

स्पंदन उत्सव में लुवास की धमाकेदार सफलता, 10 पदक जीतकर बढ़ाया मान

हिसार, (प्रमोद कौशिक) 7 मार्च : लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार के विद्यार्थियों ने स्पंदन अंतर विश्वविद्यालय सांस्कृतिक उत्सव में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 10 पदक जीतकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। यह उत्सव केंद्रीय विश्वविद्यालय हरियाणा, महेंद्रगढ़ में आयोजित किया गया था।
लुवास की टीम ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए एक प्रथम, कई द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किए। यह टीम विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विनोद कुमार वर्मा के मार्गदर्शन तथा निदेशक छात्र कल्याण (DSW) डॉ. संदीप कुमार गुप्ता के तत्वावधान में प्रतियोगिता में शामिल हुई और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के बाद विजेता विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विनोद कुमार वर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर कुलपति ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि लुवास के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम होती हैं। कुलपति ने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी तरह विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कुलपति ने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए हर संभव सुविधाएं और मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मार्गदर्शक शिक्षकों के प्रयासों की भी सराहना करते हुए कहा कि शिक्षकों के उचित मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास से ही विद्यार्थी इस प्रकार की उपलब्धियां हासिल कर पाते हैं।
इस अवसर पर निदेशक छात्र कल्याण डॉ. संदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनके निरंतर अभ्यास, टीम भावना और आत्मविश्वास का परिणाम है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारी के लिए विश्वविद्यालय में 14 दिनों का विशेष रिहर्सल कैंप आयोजित किया गया था, जिसमें विद्यार्थियों को विभिन्न सांस्कृतिक विधाओं में प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थियों को इस प्रकार के आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।
टीम के साथ डॉ. रिचा और डॉ. अनिल चितरा कंटिजेंट इंचार्ज के रूप में गए। इस दौरान साहित्यिक क्लब के अध्यक्ष डॉ. विशाल शर्मा तथा संगीत एवं नृत्य क्लब के अध्यक्ष डॉ. मान सिंह ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
प्रतियोगिता में लुवास के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। हिंदी काव्य पाठ में राहुल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों में अंकित (संस्कृत काव्य पाठ), शिवम (स्पॉट पेंटिंग), अभिनव तुरान (वेस्टर्न वोकल–सोलो), वेस्टर्न ग्रुप सॉन्ग में लुवास टीम, संजय (लाइट वोकल–सोलो) तथा लोक नृत्य में लुवास टीम शामिल रही। इसके अलावा तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों में वाद-विवाद प्रतियोगिता में लुवास टीम, प्रिक्शित (स्पॉट फोटोग्राफी) तथा योगेश (वेस्टर्न इंस्ट्रुमेंटल) रहे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है। यह सफलता लुवास के विद्यार्थियों की बहुमुखी प्रतिभा का प्रमाण है, जो शैक्षणिक क्षेत्र के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
सहायक जनसंपर्क अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा के विकास के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता है और ऐसे आयोजनों में भागीदारी से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास भी होता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel