
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : वादिनी शिवानी जैन पत्नी पंकज जैन निवासी 193ए/5 सिविल लाइन्स, भटनागर कॉलोनी, थाना कोतवाली, जनपद बरेली द्वारा सूचना दी गयी कि अज्ञात चोरों द्वारा उनकी फर्म पद्मावती एसोसिएट के परिसर की दीवार के पास जमीन में सुरंग बनाकर लगभग 02 टन कॉपर स्क्रैप (कीमत करीब ₹20 लाख) चोरी कर लिया गया है। इस सूचना के आधार पर थाना सीबीगंज बरेली पर मु0अ0सं0 170/26 धारा 305ए/331(1) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत कर अपराधियों की तलाश की जा रही थी।
उक्त के क्रम में अपराधियों की तलाश के दौरान आज दिनांक 06.05.26 को जब प्रभारी निरीक्षक सीबीगंज पुलिस टीम के साथ झुमका तिराहा से बिलवा पुल की ओर बंडिया नहर के पास चेकिंग कर रहे थे तो मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि पद्मावती एसोसिएट फर्म के गोदाम से चोरी किया गया तांबे का माल बेचने हेतु 03 बदमाश ई-रिक्शा से झुमका तिराहा की ओर आ रहे हैं।
इस सूचना पर पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर चेकिंग और अधिक प्रभावी ढंग से प्रारंभ कर दी गयी। चेकिंग के दौरान जैसे ही पुलिस टीम के द्वारा एक संदिग्ध ई-रिक्शा को रोकने का प्रयास किया गया तो ई-रिक्शा सवार लोगों द्वारा ई-रिक्शा से बेतहाशा भागने का प्रयास किया गया, जिससे ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर कच्चे रास्ते में पलट गया। स्वयं को घिरता देख ई-रिक्शा सवार अभियुक्तों द्वारा पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में 02 अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उनके एक अन्य साथी सहित मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल/गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण (१) निजाम पुत्र नजाकत नि० महेशपुर, थाना सीबीगंज, बरेली उम्र करीब 24 वर्ष- (घायल)
कब्जे से- 01 तमंचा .315 बोर, 02 खोखा कारतूस, 01 जिंदा कारतूस, ₹2600 नकद।
(२)अब्दुल समी पुत्र अब्दुल हफीज निवासी महेशपुर, थाना सीबीगंज, बरेली उम्र 22 वर्ष- (घायल)
कब्जे से- 01 तमंचा .315 बोर, 01 खोखा कारतूस, 01 जिंदा कारतूस, ₹8050 नकद।
(३) मोहम्मद खालिद पुत्र बाबू बख्श निवासी महेशपुर, थाना सीबीगंज, बरेली उम्र 55 वर्ष
कब्जे से- ₹2350 नकद बरामद
इसके अतिरिक्त इन तीनों अभियुक्तों के कब्जे से 01 ई-रिक्शा व वादी की पद्मावती एसोसिएट फर्म से चोरी किया गया 65 किलोग्राम तांबे का तार भी बरामद किया गया है।
घायल दोनों अभियुक्तों को उपचार हेतु जिला अस्पताल, बरेली भेजा गया है। इस संबंध में थाना सीबीगंज पर मु0अ0सं0 187/26 धारा 109 बीएनएस व 3/25/27 आयुध अधिनियम पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था पूर्णतः सामान्य है।


