
मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में 2,198 मरीजों को मिला स्वास्थ्य लाभ, 56 आयुष्मान कार्ड बने
आजमगढ़। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के अंतर्गत रविवार को जनपद के सभी 76 स्वास्थ्य केंद्रों पर मेले का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने आज शहरी स्वास्थ्य केंद्र अनंतपुरा का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।
मेले में 83 चिकित्सकों एवं 274 पैरामेडिकल कर्मियों ने अपनी सेवाएं दीं। कुल 2,198 मरीजों का पंजीकरण हुआ, जिसमें 937 पुरुष, 950 महिलाएं एवं 311 बच्चे शामिल रहे। इस दौरान 56 आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा 274 मरीजों की कोविड हेल्प डेस्क पर जांच की गई।
विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों में 316 गैस्ट्रो, 313 डायबिटीज, 254 त्वचा रोग, 185 श्वसन संबंधी रोग, 128 कुपोषित बच्चे, 105 उच्च रक्तचाप, 90 एएनसी, 39 लीवर रोग, 24 एनीमिया एवं 4 टीबी मरीजों की पहचान हुई। वहीं, विशेषज्ञ उपचार की आवश्यकता वाले 15 मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया गया, जिनमें 4 मेडिकल ट्रीटमेंट, 3 जनरल सर्जन, 2 नेत्र सर्जन, 4 ओबीएस एवं गायनेकोलॉजी तथा 2 ईएनटी के मरीज शामिल हैं।
इसी क्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अनंतपुरा का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य केन्द्र का संचालन हाल ही में स्थान परिवर्तन के बाद जाफरपुर से किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान डॉ. प्रवीण कुमार सहित एलटी, एएनएम एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उपस्थित मिले। मरीजों की संख्या कम होने के संबंध में बताया गया कि मौसम अनुकूल न होने के कारण मरीजों की संख्या प्रभावित हुई है।
सीएमओ ने स्वास्थ्य केन्द्र में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने, मरीजों के साथ विनम्र एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके निकट ही जांच, उपचार, परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सभी स्वास्थ्य कर्मी शासन की मंशा के अनुरूप पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
(डाॅ एन आर वर्मा )
मुख्य चिकित्साधिकारी
आजमगढ़

