बच्चों में बढ़ा रहा है डायरिया व अन्य बीमारियों का प्रकोप जिला अस्पताल में बैड नहीं हैं खाली
दीपक शर्मा (संवाददाता)
बरेली : डायरिया का प्रकोप बच्चों में तेजी से फैल रहा है। हालात यह हैं कि जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में हर आधा घंटे में एक मरीज भर्ती हो रहा है। हालात यही रहे तो अभी और भी मरीज बढ़ेंगे। इसलिए लोगों को सावधानियां बरतनी होंगी। जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में शुक्रवार को करीब 35 बच्चे भर्ती थे। इसमें से करीब 15 बच्चे एक ही दिन में भर्ती हुए थे।
सुबह नौ बजे से दोपहर दो बजे तक 10 डायरिया पीड़ित बच्चों को भर्ती किया गया था। यानी पांच घंटे में दस बच्चे। औसतन हर आधा घंटे में एक बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया।
बाल रोग विशेषज्ञ के मुताबिक वर्षा के बाद जब तापमान में बढ़ोतरी हुई ।तो वायरल डायरिया के मरीज बढ़ना शुरू हो गए हैं। बीमारी से ग्रसित इन बच्चों को पेट दर्द के साथ उल्टी, दस्त होते हैं। पानी की कमी होने लगती है। जिसकी वजह से उन्हें भर्ती करना पड़ता है। उनके अंदर पानी की कमी को पूरा करने के लिए ड्रिप का इस्तेमाल किया जाता है। दो से तीन दिनों तक लगातार दवाएं और निगरानी के बाद वह स्वस्थ होने लगते हैं।
जिला अस्पताल के में करीब 28 बेड हैं। मगर मरीजों की संख्या हर दिन 30 से अधिक हो रही है। शुक्रवार शाम तक बच्चा वार्ड में करीब 35 मरीज भर्ती थे। मजबूरी में एक-एक बेड पर दो-दो बच्चों को इलाज दिया जा रहा है। भर्ती होने वाले मरीज डायरिया के ही हैं, किसी को वायरल तो किसी को बैक्टीरियल डायरिया है। बैक्टीरियल डायरिया वाले बच्चों की संख्या कम है।