हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 94161 91877
रंग पंचमी के साथ हुआ होली उत्सव का समापन।
कुरुक्षेत्र, 30 मार्च : मारकंडा नदी के तट पर श्री मारकंडेश्वर महादेव मंदिर ठसका मीरां जी में अखिल भारतीय श्री मारकंडेश्वर जनसेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी की प्रेरणा से विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ रंग पंचमी का पूजन हुआ। इस मौके पर राधा कृष्ण का भी पूजन किया गया। महंत जगन्नाथ पुरी के अनुसार रंग पंचमी का पूजन चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि को किया जाता है। यह पूजन होली के अंतिम दिन के रूप में किया जाता है और प्राचीन काल से धार्मिक और सामाजिक महत्व के साथ किया जाता है। महंत जगन्नाथ पुरी ने बताया कि रंग पंचमी के दिन पूजन के उपरांत गुलाल लगाते हैं, खुशियों में रंगते हैं और मिठाइयों का सेवन करते हैं। इस दिन धन की देवी मां लक्ष्मी की पूजा अत्यंत श्रद्धा और भक्ति से की जाती है। रंग पंचमी के दिन विशेष रूप से राधा-कृष्ण की पूजा की जाती है। जो भक्तों के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। इस अवसर पर स्वामी संतोषानंद, स्वामी पृथ्वी पुरी, बिल्लू पुजारी, दिव्या, मनीषा, निधि इत्यादि भी मौजूद रहे।
पूजन का महत्व बताते हुए महंत जगन्नाथ पुरी।