सांसद नवीन जिन्दल के सौजन्य से गीता निकेतन विद्यालय के छात्रों ने देखा संसद का सजीव लोकतंत्र

हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
ब्यूरो चीफ – संजीव कुमारी।
ओपी जिन्दल ग्लोबल यूनिवर्सिटी में पहले संविधान संग्रहालय का भ्रमण भी किया।
कुरुक्षेत्र,9 फरवरी : सांसद नवीन जिन्दल के सौजन्य से कुरुक्षेत्र स्थित गीता निकेतन आवासीय विद्यालय के विद्यार्थी सोमवार को भारतीय संसद की कार्यवाही देखने के लिए संसद भवन पहुंचे। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय प्रक्रिया एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना था।
संसद भवन में छात्रों ने लोकसभा की कार्यवाही को नजदीक से देखा और यह समझा कि किस प्रकार देश की नीतियां, कानून और महत्वपूर्ण निर्णय लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से लिए जाते हैं। इस अनुभव ने छात्रों में लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान को मजबूत किया।
इस अवसर पर डॉ. राज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि संसद भ्रमण के उपरांत वापसी के दौरान सभी छात्रों ने ओपी जिन्दल ग्लोबल यूनिवर्सिटी पहुंचकर भारत के प्रथम संविधान संग्रहालय का भ्रमण किया, जहां उन्हें भारतीय संविधान के निर्माण, उसकी ऐतिहासिक यात्रा और मूल भावना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर छात्रों ने संविधान से जुड़े दुर्लभ दस्तावेजों, चित्रों और प्रदर्शनों को देखकर गहरी रुचि दिखाई। यह शैक्षणिक यात्रा विद्यार्थियों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रही, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी प्रदान की।
उल्लेखनीय है कि इस भ्रमण के दौरान सभी छात्रों से आह्वान किया गया है कि सांसद नवीन जिन्दल द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान से जुड़े और अपने आसपास पुराने और खंडित तिरंगे को एकत्रित करके फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया को जमा करवाए ताकि उसको नवीन स्वरूप दिया जा सके।




