Uncategorized

महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बम-बम भोले से गूंज उठा फिरोजपुर

कांवड़ियों द्वारा हरिद्वार, ऋषिकेश से लाए गए गंगा जल से मंदिरों में हुआ अभिषेक

फिरोजपुर में कावड़ियों का शहर की धार्मिक संस्थाओं एवं मंदिरों द्वारा हुआ स्वागतम

(पंजाब) फिरोजपुर 15 फरवरी [कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता]=

फिरोजपुर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर पूरा शहर शिवभक्ति में रंगा नजर आया। तड़के सुबह विभिन्न मंदिरों के कांवड़िए एकत्रित हुए और हरिद्वार से लाए गए गंगाजल के साथ अपने-अपने मंदिरों की ओर रवाना हुए। डीजे, ढोल और बैंड-बाजों की धुन पर कांवड़िए “हर हर महादेव” और “बोल बम” के जयकारे लगाते हुए नाचते-गाते आगे बढ़े। श्रद्धा और उत्साह का यह दृश्य देखने योग्य था, जिसने शहर के माहौल को पूर्णतः शिवमय बना दिया।

यात्रा मार्ग में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जगह-जगह लंगर लगाए गए थे। विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं, व्यापार मंडलों और स्थानीय संगठनों द्वारा ठंडे पेय, फल, हलवा-पूरी, चाय और अन्य प्रसाद की व्यवस्था की गई। सेवा भाव से ओत-प्रोत स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करते दिखाई दिए। इस सेवा कार्य ने महाशिवरात्रि के अवसर पर सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी दिया।

फिरोजपुर शहर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। प्राचीन शिवालय मंदिर में दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ी रही। चुंगी नंबर 7 स्थित प्राचीन छबीला मंदिर में भी भक्तों का तांता लगा रहा। इसके अलावा सनातन धर्म मंदिर (बस्ती टैंका वाली), शीतला माता मंदिर, श्री राधा कृष्ण मंदिर,हनुमान धाम, देवी द्वारा मंदिर, प्राचीन राधा कृष्ण मंदिर, रघुनाथ मंदिर गीता मंदिर आजाद नगर और रामो राम मंदिर सहित अनेक धार्मिक स्थलों पर दोपहर तक श्रद्धालुओं की निरंतर भीड़ बनी रही। लोग शांतिपूर्वक अपनी बारी की प्रतीक्षा करते हुए भगवान शिव के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करते नजर आए।

श्री राधा कृष्ण मंदिर हनुमान धाम फिरोजपुर के प्रधान दविंदर बजाज और उनकी टीम द्वारा कावड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। फूल मलाए पहनाई गई, पुष्प वर्षा की गई और फल इत्यादि वितरण किए गए।

महाशिवरात्रि के उपलक्ष में मंदिरों को आकर्षक रोशनी, रंग-बिरंगी झालरों और फूलों से सजाया गया था। शाम होते-होते मंदिरों की सजावट और भी मनोहारी दिखाई दी। प्राचीन शिवाला मंदिर और छबीला मंदिर के आसपास के बाजारों में भी खासा रौनक देखने को मिली। श्रद्धालु पूजा सामग्री, बेलपत्र, दूध और प्रसाद की खरीदारी करते नजर आए, जबकि बच्चे मेले जैसे माहौल में झूलों और खिलौनों का आनंद लेते दिखाई दिए।

पूरे दिन शहर में आस्था, उल्लास और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने महाशिवरात्रि पर्व को यादगार बना दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel