Uncategorized

संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, जागरूकता रैली निकाली गई

संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ, जागरूकता रैली निकाली गई

सीडीओ व सीएमओ ने दिखाई हरी झंडी, विभिन्न विभागों की सहभागिता

 विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान (01 से 30 अप्रैल 2026) के शुभारंभ पर जनपद में विकास भवन से एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. एन. आर. वर्मा द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। नर्सिंग छात्राओं के नेतृत्व में निकली इस रैली में छात्राओं ने “स्वस्थ व्यवहार अपनाना है — संचारी रोगों को हराना है” का संदेश दिया।
    रैली शहर के प्रमुख मार्गों— जीजीआईसी स्कूल, रैदोपुर, काली जी का चौराहा, एलवल होते हुए महिला चिकित्सालय में सम्पन्न हुई, जहाँ अधीक्षक जिला महिला चिकित्सालय डाॅ. विनय यादव ने रैली की अगवानी की। इस दौरान यातायात पुलिस द्वारा सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
    रैली के साथ संचारी रोगों की रोकथाम हेतु प्रचार-प्रसार वाहन, एंबुलेंस सर्विस तथा नगरपालिका का कूड़ा वाहन भी पूरे मार्ग में साथ चलते रहे, जिससे आमजन को स्वच्छता एवं रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।
   रैली में डिप्टी सीएमओ/नोडल वेक्टर बॉर्न डिजीज डाॅ. अविनाश झा, जिला विकास अधिकारी संजय सिंह, एडिशनल सीएमओ डाॅ. उमाशरण पांडेय, डाॅ. अब्दुल अजीज़ (जिला विद्यालय निरीक्षक), जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, ईओ नगरपालिका आजमगढ़, उद्यान, सिंचाई एवं कृषि विभाग के अधिकारीगण, जिला मलेरिया अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक बिजेन्द्र कुमार पांडेय एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। समापन अवसर पर सभी उपस्थित लोगों ने संचारी रोगों की रोकथाम एवं स्वच्छता अपनाने की शपथ ली।
   मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि यह अभियान अंतर्विभागीय समन्वय से संचालित किया जा रहा है, जिसमें नगर निकाय द्वारा साफ-सफाई एवं फॉगिंग, पंचायती राज विभाग द्वारा ग्रामीण स्वच्छता, शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालयों में जागरूकता तथा बाल विकास विभाग द्वारा मातृ-शिशु स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर दस्तक देकर डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया एवं दिमागी बुखार से बचाव की जानकारी दी जा रही है।
  उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्वच्छता अपनाएं, जल जमाव न होने दें तथा बुखार होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच एवं उपचार कराएं।

                                 (डाॅ. एन. आर. वर्मा)
                               मुख्य चिकित्साधिकारी
                                        आजमगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel