लुवास में 15वीं इंडियन डेयरी इंजीनियर्स एसोसिएशन कन्वेंशन एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी का सफल आयोजन

हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक दूरभाष – 94161 91877

हिसार,9 अप्रैल : लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार के डेयरी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय द्वारा आयोजित 15वीं इंडियन डेयरी इंजीनियर्स एसोसिएशन (आई.डी.ई.ए.) कन्वेंशन एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी आज गरिमामय वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। “डेयरी एवं फूड इंजीनियरिंग में नवाचार और विकसित भारत @2047 के लिए समाधान” विषय पर आयोजित इस संगोष्ठी में देशभर से आए विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। यह आयोजन ज्ञान, नवाचार एवं तकनीकी आदान-प्रदान का एक प्रभावी मंच सिद्ध हुआ।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. मीनेश शाह (अध्यक्ष, एन.डी.डी.बी.) ने डेयरी क्षेत्र के भविष्य पर प्रकाश डालते हुए बायोगैस तकनीक, ऊर्जा दक्षता एवं अपशिष्ट प्रबंधन को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि डेयरी अपशिष्ट से बायोगैस उत्पादन किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक है। उन्होंने एन.डी.डी.बी. की पहलों, विशेष रूप से ईटीटी (उभरती प्रौद्योगिकी हस्तांतरण) मॉडल का उल्लेख करते हुए आधुनिक तकनीकों को किसानों तक सरल रूप में पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही, उन्होंने लुवास के साथ अनुसंधान, नवाचार, प्रशिक्षण एवं स्टार्टअप विकास में सहयोग को और सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा इस संगोष्ठी को नवाचार को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा ने कहा कि लुवास शिक्षा, अनुसंधान एवं उद्योग के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने डेयरी एवं फूड इंजीनियरिंग में तेजी से हो रहे तकनीकी परिवर्तनों को अपनाने पर बल देते हुए विद्यार्थियों को नवाचार, अनुसंधान आधारित सोच एवं स्टार्टअप संस्कृति अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इस संगोष्ठी को ज्ञानवर्धन एवं उद्योग-शिक्षा समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती निवेदिता तिवारी (सीजीएम, नाबार्ड, हरियाणा) ने डेयरी क्षेत्र को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए नाबार्ड की योजनाओं एवं उद्यमिता विकास कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा युवाओं को डेयरी आधारित स्टार्टअप्स की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नई संभावनाओं से जोड़ने में सहायक होते हैं।
मुख्य वक्ता डॉ. एन.सी. राठौड़ (पूर्व डीडीजी, आईसीएआर) ने अपने संबोधन में डेयरी एवं फूड इंजीनियरिंग में नवीनतम तकनीकों, ऑटोमेशन, गुणवत्ता नियंत्रण एवं वैल्यू एडिशन पर प्रकाश डालते हुए अनुसंधान को किसानों एवं उद्योग तक पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
आई.डी.ई.ए. के अध्यक्ष ई. आर. सुमेर अग्रवाल ने संस्था की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह संगठन देशभर के विशेषज्ञों, शिक्षाविदों एवं उद्योग जगत के बीच एक सशक्त मंच के रूप में कार्य कर रहा है तथा यह संगोष्ठी तकनीकी सहयोग एवं नवाचार को नई दिशा प्रदान करेगी।
डेयरी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. शरणगौड़ा बी. पाटिल ने स्वागत भाषण में संगोष्ठी को विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों के लिए ज्ञानवर्धन का महत्वपूर्ण अवसर बताया। वहीं, आई.डी.ई.ए. के उपाध्यक्ष डॉ. आई. के. साहनी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नवीनतम शोध एवं तकनीकों को एक मंच पर लाना है।
कार्यक्रम के दौरान संगोष्ठी स्मारिका का विमोचन किया गया तथा आई.डी.ई.ए. आजीवन उपलब्धि सम्मान से विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। यह सम्मान डॉ. एन. एस. राठौड़ (पूर्व डीडीजी, इंजीनियरिंग एवं शिक्षा, आईसीएआर), प्रो. (डॉ.) पी. सुधीर बाबू, श्री श्याम कोहली तथा श्री वीरेन्द्र शर्मा को प्रदान किया गया।
अंत में आयोजन सचिव डॉ. इन्दु ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
यह संगोष्ठी डेयरी एवं फूड इंजीनियरिंग के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने, उद्योग-शिक्षा सहयोग को सुदृढ़ करने तथा विकसित भारत @2047 के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक पहल सिद्ध हुई।

VV NEWS

राष्ट्रीय कार्यालय रमाकान्त पाण्डेय(गोपालपुरी) संरक्षक/संस्थापक ग्राम व पोस्ट- गोपालपुर (टावर) थाना व तहसील- मेहनगर जिला-आजमगढ़, उत्तर प्रदेश पिंन कोड़-276204 मोबाईल-9838825561,7054825561 हेंड कार्यालय/प्रशासनिक कार्यालय जितेंद्र पटेल (प्रमुख संपादक/प्रशासनिक संपादक) ग्राम व पोस्ट- 495668 थाना व तहसील-जांजगीर जिला-जांजगीर (छत्तीसगढ) पिंन कोड़-495668 मोबाईल-6265564514

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कुरुक्षेत्र में पहली बार सरकार की तरफ से बड़े स्तर पर मनाया जाएगा बैसाखी महोत्सव 2026: विश्राम कुमार मीणा

Thu Apr 9 , 2026
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।ब्यूरो चीफ – वरुण कौशिक। बैसाखी महोत्सव में पहली बार आकाश में नजर आएंगे ड्रोन शो के रंग-बिरंगी रोशनी, 500 से ज्यादा ड्रोन आकाश में दिखाएंगे बैसाखी के अहम लम्हें।कुरुक्षेत्र केडीबी मेला ग्राउंड में 13 व 14 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा राज्य स्तरीय […]

You May Like

advertisement