
नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम 27 अप्रैल को पंचायत भवन के सभागार में, कुरुक्षेत्र से सैकड़ों महिलाएं करेंगी कार्यक्रम में शिरकत।
कुरुक्षेत्र पिपली, प्रमोद कौशिक/वरुण कौशिक 25 अप्रैल : जिला परिषद की अध्यक्षा कंवलजीत कौर ने कहा कि नारी शक्ति वंदन को लेकर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन 27 अप्रैल को सुबह 9 बजे पंचायत भवन के सभागार में होगा। इस कार्यक्रम में हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी मुख्य अतिथि होंगी।
जिप चेयरपर्सन शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए अधिकारियों के साथ बातचीत कर रही थी। इससे पहले जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विरेन्द्र चौधरी ने संबंधित विभागों के स्तर पर होने वाली तैयारियों को लेकर कुछ आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके साथ ही अधिकारियों , कर्मचारियों की कार्यक्रम के लिए प्रबंध करने और सफल बनाने के लिए ड्यूटियां भी लगाई है। जिप चेयरपर्सन ने कहा कि नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को सभी के साझे प्रयासों से ऐतिहासिक और सफल बनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में कुरुक्षेत्र से सैकड़ों की संख्या में महिलाएं भाग लेंगी।
उन्होंने कहा कि सभी बीडीपीओ, सैल्फ हैल्प ग्रुप से सम्बन्धित अधिकारी महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी को सुनिश्चित करेंगे। इस कार्यक्रम में भाजपा संगठन की तरफ से भी महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्यक्रम में महिलाओं की उपलब्धियों और सरकार द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने के लिए योजनाओं पर भी प्रकाश डाला जाएगा। इस मौके पर बीडीपीओ अमित,रूबल,विवेक, अंकित,नेहा अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी ऑनलाइन प्रणाली से जुड़े हुए थे।


