
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक/वरुण कौशिक 8 मई : श्री महावीर जैन पब्लिक स्कूल में 8 मई 2026 को मातृ दिवस बड़े ही धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती पूजा शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में अनेक सांस्कृतिक एवं प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें भाषण, नृत्य, कविता एवं लघु नाटिका प्रमुख रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन तन्नू जल्होत्रा द्वारा अत्यंत प्रभावशाली ढंग से किया गया।
कक्षा दसवीं की छात्राओं ने लघु नाटिका प्रस्तुत कर वर्तमान समाज में बच्चों को माता के महत्व से अवगत कराया तथा सभी को माता के प्रति आदर एवं अच्छे व्यवहार की प्रेरणा दी। उनकी प्रस्तुति ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं कक्षा छठी एवं सातवीं के विद्यार्थियों ने समूह गीत के माध्यम से माताओं को नमन करते हुए उनके प्रति अपना आभार व्यक्त किया।
कक्षा चौथी एवं पाँचवीं के विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर माता के विभिन्न स्वरूपों एवं त्याग को दर्शाया। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा दिए गए भाषणों ने भी सभी उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्या श्रीमती पूजा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “मातृ दिवस केवल एक दिन नहीं होता, बल्कि माता का सम्मान प्रतिदिन किया जाना चाहिए। माँ का स्थान सर्वाेच्च होता है और उसके महत्व को समझने के लिए किसी विशेष कार्यक्रम की आवश्यकता नहीं होती।”
अंत में उन्होंने सभी को मातृ दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की सभी अध्यापिकाओं एवं विद्यार्थियों का विशेष सहयोग रहा।


