
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की टीम द्वारा गुरुवार को मोहल्ला सरायखाम स्थित मदरसा इशा अतुल उलूम में एक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आगामी ‘जनगणना-2027’ के प्रथम चरण के तहत ‘स्व-गणना’ प्रक्रिया के प्रति नागरिकों को जागरूक करना और उन्हें ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से डेटा भरने के लिए प्रोत्साहित करना था।
ऑनलाइन गणना के लिए किया प्रेरित
शिविर में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित ज़िला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग अधिकारी श्री इंद्रसेन सरोज ने लोगों को बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण की शुरुआत हो चुकी है। इसके तहत 7 मई से 21 मई, 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य आम नागरिक ऑनलाइन माध्यम से स्वयं कर सकते हैं। इसके पश्चात 22 मई से 20 जून, 2026 तक फील्ड स्टाफ द्वारा घर-घर जाकर गणना कार्य सम्पन्न किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी गई सही और तथ्यात्मक जानकारी ही भविष्य की योजनाओं और सुनियोजित विकास का सशक्त आधार बनती है।
डीएमओ के पटल सहायक श्री राशिद हुसैन एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे और जनता को प्रेरित करते हुए ऑनलाइन जनगणना फॉर्म भरे गए। इसी कड़ी में नुक्कड़ सभा के माध्यम से जागरुक किया।
जनसेवा टीम और हज सेवा समिति का सहयोग
कार्यक्रम में जनसेवा टीम और बरेली हज सेवा समिति का विशेष सहयोग रहा। जनसेवा टीम के अध्यक्ष व समाजसेवी पम्मी खाँ वारसी ने बरेली की जनता से अपील करते हुए कहा कि देश के विकास की योजनाओं का लाभ सही तरीके से पाने के लिए हर नागरिक को जागरूक होना होगा। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे न केवल स्वयं अपनी गणना करें, बल्कि तकनीक से कम परिचित लोगों की भी ऑनलाइन गणना में मदद करें।
सवाल-जवाब के माध्यम से दूर की गईं शंकाएं
शिविर के दौरान उपस्थित लोगों ने स्व-गणना और पूछे जाने वाले प्रश्नों को लेकर अपनी शंकाएं व्यक्त कीं, जिनका विभागीय अधिकारियों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि स्व-गणना से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि आंकड़ों की शुद्धता भी बनी रहेगी।
इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग (DMO) कार्यालय के कनिष्ठ सहायक राशिद हुसैन,नफ़ीज़ आज़ाद,सादिक खान,नवेद बेग,मोइन खान सहित शिक्षकगण के अलावा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


