
तामेश्वर महादेव मंदिर गोदाम घाट पर भंडारे से पूर्व चला विशेष स्वच्छता अभियान
आजमगढ़। तमसा तट स्थित गोदाम घाट एवं तामेश्वर महादेव मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले भंडारे कार्यक्रम को देखते हुए शुक्रवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला पंचायत राज अधिकारी के निर्देश पर स्वच्छ भारत मिशन के तहत विकासखंड पल्हनी की ग्राम पंचायत कोडरअजमतपुर में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने व्यापक साफ-सफाई की।
भंडारे के आयोजन से पहले मंदिर परिसर, गोदाम घाट तथा आसपास के क्षेत्रों में घास की कटाई, झाड़ू लगाकर सफाई और नदी तट की साफ-सफाई का कार्य किया गया। सफाई कर्मियों ने नदी के अंदर तक जाकर कूड़ा-कचरा हटाया तथा श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया।
अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया। सफाई कर्मचारियों ने संदेश दिया कि स्वच्छता से ही बीमारियों पर नियंत्रण पाया जा सकता है और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। “हम सबने ठाना है, स्वच्छ भारत बनाना है” के संकल्प के साथ कर्मचारियों ने अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
इस विशेष स्वच्छता अभियान में गुलाब चौरसिया, अभय चौहान, सुनील यादव एवं रामबचन सहित अन्य ग्रामीण सफाई कर्मचारी शामिल रहे। कार्यक्रम गोदाम घाट, बागलखराव पुल के नीचे तमसा घाट क्षेत्र में संपन्न हुआ।
स्थानीय लोगों ने सफाई कर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने के साथ-साथ आमजन को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करते हैं।

