
अजमेर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अजमेर के पुलिस लाइन मैदान में जिला स्तरीय भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोगी जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी तथा राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि “पहला सुख निरोगी काया है और यह योग के माध्यम से ही संभव है।” उन्होंने लोगों से नियमित योग अपनाने का आह्वान किया।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज दुनिया के अनेक देशों में योग को अपनाया जा रहा है और लोग इसके माध्यम से स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
कार्यक्रम में भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी, जिला कलेक्टर लोकबंधु, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (सिटी) हिमांशु जांगिड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
योग दिवस कार्यक्रम के दौरान योग विशेषज्ञों के निर्देशन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए। उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।


