

देर रात हरबंशपुर में कार ने मारी टक्कर, सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने अस्पताल पहुंचाया
आजमगढ़, संवाददाता। शहर के हरबंशपुर स्थित पहलवान जी की मूर्ति के पीछे देर रात हुए सड़क हादसे में घायल पुलिसकर्मी की जान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने समय पर अस्पताल पहुंचाकर बचा ली। घायल की पहचान आजमगढ़ पुलिस में तैनात एक कॉन्स्टेबल के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक अनियंत्रित कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी थी, जिससे वह सड़क पर गंभीर हालत में पड़ा था। इसी दौरान शहर भ्रमण पर निकले सूरज प्रकाश श्रीवास्तव की नजर घायल पर पड़ी। उन्होंने तत्काल रमा हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. अमित सिंह से संपर्क किया और अपने ड्राइवर चंदन वर्मा व गनर के सहयोग से घायल को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया।इलाज के दौरान होश आने पर पता चला कि घायल युवक पुलिस विभाग में सिपाही है। इसकी सूचना तुरंत एसपी डॉ. अनिल कुमार को दी गई।
एसपी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना सिधारी के प्रभारी निरीक्षक को अस्पताल भेजा। फिलहाल घायल सिपाही का इलाज रमा हॉस्पिटल में चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत अब स्थिर है। इस घटना के बाद सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने आमजन से अपील की कि सड़क हादसे में घायल मिलने पर बिना देर किए उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं। समय पर मिला इलाज किसी की जान बचा सकता है।


