
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
संवाददाता – उमेश गर्ग।

कुरुक्षेत्र, 10 जुलाई : सहारा कॉम्प्रिहेंसिव विद्यालय में दूरदर्शी संस्थापक एवं समाजसेवी स्वर्गीय श्री एस. सी. अग्रवाल जी की 10वीं पुण्यस्मृति श्रद्धा, सम्मान एवं कृतज्ञता के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, प्रबंधन, शिक्षकगण, विद्यार्थियों एवं परिजनों ने उनके छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके द्वारा स्थापित शिक्षा, सेवा, संस्कार एवं मानवीय मूल्यों की गौरवशाली विरासत को नमन किया। श्रद्धांजलि सभा के उपरांत विद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान उपस्थित जनों ने कहा कि स्वर्गीय श्री एस. सी. अग्रवाल ने अपने जीवन में शिक्षा रूपी ऐसे बीज बोए जिनकी छाया में आज हज़ारों विद्यार्थियों का भविष्य सँवर रहा है। उनकी पुण्यस्मृति में लगाया गया प्रत्येक पौधा उनके विचारों, दूरदृष्टि एवं प्रकृति के प्रति उत्तरदायित्व का जीवंत प्रतीक बनेगा।विद्यालय के डिप्टी डायरेक्टर श्री बी. के. चावला ने कहा कि स्वर्गीय श्री एस. सी. अग्रवाल का जीवन शिक्षा, सेवा और मानवीय मूल्यों का अनुपम उदाहरण था। उनके आदर्श आज भी सहारा परिवार को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करते हैं। उनके सपनों को साकार करना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है।विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. अमिता शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने शिक्षा को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रखा बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण एवं संस्कारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। आज का पौधारोपण कार्यक्रम भी उनके उसी दूरदर्शी चिंतन का प्रतीक है जो आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और हरित भविष्य देने का संदेश देता है।विद्यालय के प्रबंधन सदस्य श्री रोहित अग्रवाल एवं श्री विक्रांत अग्रवाल ने कहा कि स्वर्गीय श्री एस. सी. अग्रवाल जी ने जिस समर्पण, ईमानदारी और दूरदर्शिता के साथ इस संस्था की नींव रखी, वही मूल्य आज भी हमारी सबसे बड़ी पूँजी हैं। हम उनके दिखए मार्ग पर चलते हुए शिक्षा एवं समाज सेवा के इस मिशन को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के संगीत शिक्षक श्री लखबीर सिंह ने अपनी भावपूर्ण संगीतमय प्रस्तुति के माध्यम से स्वर्गीय श्री एस. सी. अग्रवाल जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उनकी स्वरांजलि ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया और पूरा वातावरण श्रद्धा एवं स्मृतियों से भर उठा।इस अवसर पर स्वर्गीय श्री एस. सी. अग्रवाल के पौत्र सहर्ष अग्रवाल और पौत्री सावी अग्रवाल ने भी अपने परिवार के आधार स्तंभ को स्मरण करते हुए उनके स्नेह, अनुशासन, सादगी एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व से जुड़ी भावनाएँ साझा कीं। उन्होंने कहा कि दादाजी ने सबको जीवन में सदैव सत्यनिष्ठा, परिश्रम, संवेदनशीलता एवं समाज के प्रति उत्तरदायित्व के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। उनके आदर्श सदैव परिवार एवं सहारा परिवार के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।कार्यक्रम का समापन दो मिनट के मौन एवं सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। सभी ने स्वर्गीय श्री एस. सी. अग्रवाल जी के आदर्शों पर चलने, शिक्षा की अलख को निरंतर प्रज्ज्वलित रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।


