

कोण्डागांव, 24 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोण्डागांव के निर्देशानुसार गुरुवार को ऑडिट ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के एटीआर (Action Taken Report) मॉड्यूल पर ऑडिट आपत्तियों के समयबद्ध निराकरण हेतु प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का प्रथम सत्र प्रातः 10:30 बजे से 12:30 बजे तक जनपद पंचायत कोण्डागांव के सभा कक्ष तथा द्वितीय सत्र दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक जनपद पंचायत केशकाल के सभा कक्ष में आयोजित हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2024-25 तक की लंबित ऑडिट आपत्तियों के ऑनलाइन निराकरण की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों की तैयारी तथा ऑडिट निराकरण प्रतिवेदन तैयार करने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सभी ग्राम पंचायत सचिवों को ऑडिट ऑनलाइन पोर्टल के एटीआर मॉड्यूल का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षकों ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं सचिवों को निर्देशित किया कि लंबित ऑडिट आपत्तियों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक दस्तावेजों सहित समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि पंचायतों की वित्तीय पारदर्शिता एवं जवाबदेही को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
प्रशिक्षण में छत्तीसगढ़ राज्य संपरीक्षा जगदलपुर के संयुक्त संचालक श्री पीयूष प्रसाद, उपसंचालक पंचायत श्री बी.आर. मोरे, जनपद पंचायत केशकाल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुराग सिन्हा, सहायक संचालक श्री न्यायमूर्ति लहरे, ज्येष्ठ संपरीक्षक श्री लोमेश सिंह राजपूत, सहायक संपरीक्षक श्री मनोज नेताम एवं श्री तुलेश्वर सिंह, जिला अंकेक्षक श्री आर.एस. कोर्राम, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आरजीएसए) श्री गजेन्द्र साहू, तकनीकी सहायक (जिला पंचायत) श्री वीरेन्द्र साहू सहित विकासखंड कोण्डागांव, फरसगांव, माकड़ी, केशकाल एवं बड़ेराजपुर के वरिष्ठ आंतरिक लेखा परीक्षक, कराधान अधिकारी, संकाय सदस्य, डाटा एंट्री ऑपरेटर तथा ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे।


