
हरियाणा कला परिषद के श्री भरतमुनि रंगशाला में सायं 6 बजे होगा कार्यक्रम, देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों की होगी प्रस्तुति, अधिकारियों को सौंपी जिम्मेंदारियां, एडीसी ने तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 11 अगस्त : अतिरिक्त उपायुक्त विरेंद्र चौधरी ने कहा कि कुरुक्षेत्र में जिला स्तरीय विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस 14 अगस्त को मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम हरियाणा कला परिषद के भरतमुनि रंगशाला में सायं 6 बजे आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हरियाणा कला परिषद की तरफ से देशभक्ति पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा डीएवी स्कूल के शिक्षक विकास रल्हान देशभक्ति से संबंधित गीतों की प्रस्तुति देंगे।
एडीसी विरेंद्र चौधरी मंगलवार को न्यू लघु सचिवालय के एडीसी कार्यालय में जिला स्तरीय विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले एडीसी विरेंद्र चौधरी ने जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी विकास चौधरी, डीआईपीआरओ डा. नरेंद्र सिंह, एनआईसी अधिकारी भारती को विभाजन विभीषिका स्मृति की तैयारियों को लेकर कुछ आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित अपनी-अपनी तैयारियां समय रहते पूरी करना सुनिश्चित करें। इस कार्यक्रम की तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि 14 अगस्त को सायं 6 बजे हरियाणा कला परिषद के सभागार में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की तरफ से एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। इस प्रदर्शनी में 1947 में भारत- पाक विभाजन के दौरान जिन लोगों ने बलिदान दिया, उनको नमन किया जाएगा और कुरुक्षेत्र में रहने वाले त्रासदी से प्रभावित परिजनों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम केवल अतीत के दर्द को याद करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और भावी पीढ़ी को इतिहास के इस काले अध्याय से अवगत करवाने का सशक्त माध्यम बनेगा। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। इस कार्यक्रम की सभी तैयारियां उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के मार्गदर्शन में की जाएंगी।


