
कुवि के मीडिया संस्थान में एंटी-रैगिंग दिवस पर विद्यार्थियों ने ली रैगिंग से दूर रहने की शपथ।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 12 अगस्त : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में जनसंचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी संस्थान (आईएमसीएमटी), में एंटी-रैगिंग जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थान की निदेशक प्रो. बिंदु शर्मा ने कहा कि एंटी-रैगिंग का उद्देश्य विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, समावेशी और सम्मानजनक शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को रैगिंग के दुष्परिणामों एवं कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया तथा सभी ने रैगिंग से दूर रहने की शपथ ली।
कार्यक्रम में यूजीसी, नई दिल्ली द्वारा अनुमोदित 18 मिनट की डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन भी किया गया। प्रो. बिंदु शर्मा ने बताया कि यूजीसी के दिशा- निर्देशों के अनुसार 12 से 18 अगस्त तक एंटी-रैगिंग सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसके तहत विद्यार्थियों में जागरूकता के लिए स्लोगन लेखन व पोस्टर मेकिंग जैसी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। निदेशक प्रो. बिंदु शर्मा ने स्पष्ट किया कि कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के आदेशानुसार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में रैगिंग के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू है। रैगिंग की किसी भी गतिविधि में लिप्त पाए जाने वाले छात्र के खिलाफ सख्त कानूनी व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। छात्र किसी भी असुविधा की स्थिति में ई-मेल अथवा लिखित रूप से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिस पर त्वरित और गोपनीय कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।


