
17 अगस्त तक आयोजित किए जा रहे हैं विभिन्न कार्यक्रम, स्वतंत्रता दिवस को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बनाए गए सेल्फी पॉइंट, स्कूलों में होगी देशभक्ति आधारित प्रतियोगिताएं।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 12 अगस्त : उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि भारत एवं हरियाणा सरकार के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जिले में अच्छा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विविध गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के सरकारी स्कूलों और राजकीय महाविद्यालयों में विद्यार्थियों और युवाओं द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीणों एवं युवाओं द्वारा उत्साहपूर्वक साइकिल तथा बाइक रैलियों का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा के दौरान हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे बच्चों, महिलाओं, पुरुषों और अध्यापकों ने भारत माता की जय के गगनभेदी नारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया। नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और प्रगाढ़ करने के उद्देश्य से जिले में विभिन्न स्थानों पर विशेष सेल्फी पॉइंट स्थापित किए गए हैं। इन सेल्फी पॉइंट्स पर आमजन, युवा और बच्चे तिरंगे के साथ गर्व से फोटो खिंचवा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत 17 अगस्त तक विभिन्न गतिविधियां जारी रहेंगी, जिसमें बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए शैक्षणिक संस्थानों में देशभक्ति आधारित विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने आमजन से आह्वान किया है कि वे इस राष्ट्रव्यापी अभियान में बढ़-चढक़र भाग लें और अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराकर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाएं।


