
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ जिलाधिकारी ने किया विद्यालय का निरीक्षण
आजमगढ़। जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, मूसेपुर, आजमगढ़ का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए छात्रों से बातचीत की गई तथा भोजन, शिक्षा और छात्रावास की सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता, पढ़ाई का स्तर, छात्रावास तथा साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। अधिकारियों ने विद्यालय में अध्ययनरत छात्रों की सुविधाओं और उनके सर्वांगीण विकास को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
छात्रों के शारीरिक एवं मानसिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्हें खेल मैदान आवंटित किया गया। साथ ही विद्यालय में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए खेल किट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने विद्यालय प्रशासन को छात्रों की शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।


