

रिपोर्ट जगन्नाथ पाण्डेय
आजमगढ़। सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के उत्तरी बाढ़ प्रभावित इलाके में पोखरा ग्राम पंचायत स्थित आदर्श इंटर कॉलेज बरडीहा के सामने रमामल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं ट्रामा सेंटर नरौली, आजमगढ़ के सौजन्य से निशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 190 मरीजों का निशुल्क नेत्र परीक्षण किया गया। जांच के बाद मरीजों को आवश्यक दवाएं वितरित की गईं, जबकि जरूरतमंद मरीजों को चश्मे भी उपलब्ध कराए गए।
शिविर में डॉ. नीरज सिंह ने बताया कि अधिकांश मरीजों में नजदीक दिखाई न देने, आंख में माड़ा आने, पुरानी चोट और मोतियाबिंद की समस्या सामने आई। इसके अलावा आंखों में खुजली, जलन और कीचड़ आने की शिकायत लेकर भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। उन्होंने कहा कि मोबाइल और टीवी का अत्यधिक तथा नजदीक से इस्तेमाल आंखों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। विशेष रूप से बच्चों को मोबाइल से दूर रखने की जरूरत है, क्योंकि लगातार मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले बच्चों में कम उम्र में ही आंखों से जुड़ी समस्याएं सामने आने लगी हैं।
शिविर में पोखरा, सेठाकोली, बरडीहा, सिवान, रैचंद पट्टी, गागेपुर और बनियापार समेत आसपास के गांवों से ग्रामीण नेत्र परीक्षण कराने पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि आजमगढ़ मुख्यालय की दूरी करीब 40 से 50 किलोमीटर या उससे अधिक है। मुख्यालय आने-जाने में ही करीब 200 रुपये किराया खर्च हो जाता है, जबकि दवा और उपचार का खर्च अलग होता है। आर्थिक परेशानी के चलते कई लोग समय पर आंखों की जांच और इलाज नहीं करा पाते। ऐसे में गांव के समीप निशुल्क नेत्र शिविर लगने से ग्रामीणों को काफी राहत मिली।
डॉ. अमित सिंह ने बताया कि सगड़ी विधानसभा क्षेत्र की जनता के लिए पूरे विधानसभा क्षेत्र में निशुल्क नेत्र परीक्षण और उचित उपचार की मुहिम शुरू की गई है। यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि घाघरा नदी के किनारे बाढ़ से प्रभावित उत्तरी क्षेत्र के लोगों की सेवा और सहयोग के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। जनता की सेवा और सहयोग ही उनका धर्म है।
शिविर में लकी, सतीश, भारतीय, हरिश्चंद्र, बिंदु शर्मा, नीलम, सपना, मीना देवी, कमल विश्वकर्मा, रामजन्म, पुरुषोत्तम, चंद्रिका, जटाशंकर, विनोद, अनिल सिंह, इंद्रासनी, मुकेश प्रजापति, अभिषेक, सविता, पूनम, सुनीता, राम केवल, कैलाश, वीरेंद्र, झीनकू, सुनील, सरोज और सिकंदर समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नेत्र परीक्षण कराया और दवाएं प्राप्त कीं।

