केंद्रीय मंत्री शेखावत ने आप, अकाली दल व कांग्रेस के नेताओं को भाजपा में शामिल करवाया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली स्थल पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया, कहा- 2 लाख से ज्यादा लोग फिरोजपुर में जुटेंगे
फिरोजपुर, 03 जनवरी{कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता}:-
भाजपा पंजाब के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज हिंद-पाक सरहद पर हुसैनीवाला स्थित शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह, शहीद राजगुरु व शहीद सुखदेव की शहीदी स्मारक स्थल पर नतमस्तक हो कर शहीदों को पुष्प अर्पित किए। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि देश के लिए कुर्बान होने वाले अमर शहीद हमेशा हम हिंदुस्तानियों के दिलों में जिंदा रहेंगे।
शहीदों को नमन करने के बाद केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत सर्किट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने दर्जन से उपर अकाली दल, कांग्रेस व आप आदमी पार्टी के नेताओं को भाजपा ज्वाइन करवाया। अलग अलग राजनीतिक दल छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं ने कहा कि देश के लिए भाजपा की लोक हितैषी नीतियों से वह प्रभावित हैं। पंजाब प्रदेश का भविष्य, सबका साथ सबका विकास का नारा सही अर्थों मे चरितार्थ करने वाली भाजपा पार्टी ही संवार सकती है।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 5 जनवरी को फिरोजपुर में होने वाली रैली के मद्देनजर रैली स्थल पहुंच कर रैली स्थल का जायजा लिया। उन्होंने रैली स्थल की तैयारियों की मौके पर ही समीक्षा की व कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पंजाब ही नहीं भाजपा ने पूरे देश के लिए लक्ष्य बनाया है। भाजपा एक निश्चित लक्ष्य को लेकर राजनीति के क्षेत्र में काम कर रही है। भारत को समृद्धि, शक्तिशाली और संपन्न बनाने का लक्ष्य है, जिसको हम सामान्य बोलचाल की भाषा में ‘एक नया भारत बनाएंगे’ कहते हैं।
शेखावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी से समाज के हर तबके को साथ लेकर चलती है। इसी सोच से प्रभावित हो कर पंजाब भर से लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं। अलग अलग राजनीतिक पार्टीयों के नेताओं की ओर से भाजपा से जुड़ने के संकेत दिए जा रहे हैं।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जनवरी को फिरोजपुर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेटेलाइट हॉस्पिटल के शिलान्यास के साथ ही विकास से जुड़ी अन्य परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोकतांत्रिक इतिहास में फिरोजपुर की रैली ऐतिहासिक होगी। रैली में साढ़े 3 हजार से ज्यादा बसों को लगाया गया है। इसके अतिरिक्त हजारों की संख्या में छोटी गाड़ियां इसमें लगी हैं। प्रधानमंत्री मोदी की इस रैली में 2 लाख से ज्यादा लोग रहेंगे, इस दिन भारतीय जनता पार्टी पंजाब में अपने चुनाव का आगाज करेगी