हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 9416191877
छाया – धर्मचंद वर्मा।
कुवि कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने बधाई।
कुरुक्षेत्र, 7 जनवरी :- कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रिंस ने ऑल इंडिया अन्तर विश्वविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2021-22 में 5000 मीटर की दौड़ को 14.05 मिनट में जीतकर प्रतियोगिता का नया रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मैडल हासिल किया। मैंगलोर यूनिवर्सिटी में चल रही इस प्रतियोगिता में प्रिंस ने इस इवेंट में शुरू से ही अपनी दावेदारी को मजबूती से प्रस्तुत करता रहा। प्रिन्स ने अपनी इस इवेंट की हीट तथा क्वार्टर फाइनल सेमिफाइनल में प्रथम स्थान प्राप्त करके अपनी दावेदारी को सशक्त किया।
इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा ने एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने पर प्रिंस को बधाई देते हुए कहा कि यह कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के लिए बडे़ गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आज हमारे खिलाड़ी खेल के हर क्षेत्र में निरंतर शानदार प्रदर्शन कर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय खिलाड़ियों को हर प्रकार की सुविधाएं मुहैया करवा रहा है।
कुवि कुलसचिव डाॅ. संजीव शर्मा ने भी खिलाड़ी प्रिंस को शानदार प्रदर्शन करने पर बधाई दी। कार्यवाहक खेल निदेशक राजेश सोबती ने बताया कि फाइनल में प्रिंस एक विजेता की तरह भागा तथा ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी 14.05 मिनट के साथ नया रिकॉर्ड बनाते हुए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के नाम को अन्तर विश्वविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्थापित किया।
गौरतलब है कि इससे पूर्व प्रिंस ने ऑल इंडिया अन्तर विश्वविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2021-22 में ही 1500 मीटर में भी सिल्वर मेडल के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की वार्षिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी प्रिंस सर्वश्रेष्ठ एथलीट भी रहा था। प्रिंस ने 1500 व 5000 मीटर में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के नए रिकॉर्ड स्थापित किए।