Breaking Newsछत्तीसगढ़बलरामपुर

एनीमिया मुक्त भारत अभियान

सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने संयुक्त प्रशिक्षण संपन्न

बलरामपुर, 12 फरवरी 2026/ एनीमिया मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग का संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसका उद्देश्य विभागीय समन्वय को सुदृढ़ करना, समयबद्ध रिपोर्टिंग सुनिश्चित करना तथा लक्षित समूहों तक सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करना था।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि एनीमिया मुक्त समाज के निर्माण के लिए सभी विभागों का आपसी समन्वय और प्रतिबद्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों, किशोरियों एवं गर्भवती महिलाओं को आयरन-फोलिक एसिड की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दवा वितरण, उपभोग और प्रगति की शत-प्रतिशत एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग करने को कहा। डॉ. सिंह ने एनीमिया के कारण, लक्षण, दुष्प्रभाव एवं बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि संतुलित एवं पौष्टिक आहार, नियमित आयरन-फोलिक एसिड सेवन तथा समय पर जांच के माध्यम से एनीमिया पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों के मानसिक एवं शारीरिक विकास पर एनीमिया के दुष्प्रभावों को रेखांकित करते हुए जन-जागरूकता बढ़ाने की बात कही।
प्रशिक्षण सत्र में श्री दिव्य किशोर गुप्ता ने एनीमिया मुक्त भारत अभियान पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए प्रमुख घटकों, एनीमिया की पहचान, रोकथाम एवं उपचार, साप्ताहिक आयरन फोलिक एसिड अनुपूरण, गर्भवती महिलाओं, किशोर-किशोरियों एवं बच्चों में हीमोग्लोबिन जांच, पोषण परामर्श, कृमिनाशक दवा सेवन तथा व्यवहार परिवर्तन संचार गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने लक्ष्य समूह आधारित रणनीति, माइक्रोप्लानिंग, दवा उपलब्धता, स्टॉक प्रबंधन तथा ऑनलाइन-ऑफलाइन रिपोर्टिंग प्रणाली पर भी व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया। इस दौरान जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों एवं उनके समाधान पर भी विचार-विमर्श किया गया।
प्रशिक्षण के अंत मे सभी विभागों ने आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले में एनीमिया की दर में कमी लाने तथा एनीमिया मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, परियोजना अधिकारी तथा खंड कार्यक्रम प्रबंधक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel