Breaking Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

सिरपुर महोत्सव में बाबा हंसराज रघुवंशी की भक्ति संध्या ने बांधा समां

श्रद्धा, भक्ति और संगीत के संगम से गूंज उठी ऐतिहासिक नगरी सिरपुर

महासमुंद 02 फरवरी 2026/ प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर नगरी सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव के प्रथम दिवस पर श्रद्धा, भक्ति और संगीत का अद्भुत संगम देखने को मिला। महोत्सव में प्रसिद्ध लोक-भक्ति गायक बाबा हंसराज रघुवंशी की भव्य प्रस्तुति रही, जिसने हजारों श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

बाबा हंसराज रघुवंशी ने अपने लोकप्रिय भजन मेरा भोला है भंडारी, करे नंदी की सवारी…, शिव समा रहे मुझमें…, लागी लगन शंकरा…, भोला मस्त मलंग… अयोध्या आए मेरे प्यारे ,राम सिया राम जी और भोलेनाथ की शादी है…जैसे गीतों से समां बांध दिया। उनकी मधुर आवाज और भावपूर्ण गायन पर दर्शक झूम उठे और पूरा परिसर बोल बम के जयकारों से गूंज उठा। बाबा हंसराज की प्रस्तुति ने सिरपुर की पावन धरती को शिवमय वातावरण में परिवर्तित कर दिया। भक्तों ने भक्ति गीतों का आनंद लिया और पूरा माहौल शिव भक्ति में रंग गया। 

वहीं सुनील तिवारी लोक कला मंच के रंग-झांझर कार्यक्रम ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इसके साथ ही महोत्सव में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति एवं देश की शास्त्रीय, सूफी और आधुनिक संगीत विधाओं की मनमोहक प्रस्तुतियाँ भी हुईं। फुलझरिया कर्मा पार्टी द्वारा कर्मा नृत्य, छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच द्वारा लोक कला प्रदर्शन, इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के कलाकारों द्वारा कत्थक एवं लोक नृत्य ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया। शास्त्रीय संगीत के अंतर्गत ध्रुपद, सितार वादन, ओडिसी नृत्य, भरथरी प्रस्तुति एवं तथागत नाटक ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बनाया। 

सिरपुर महोत्सव के दूसरे दिन इंडियन आइडल फेम कलाकारों की होगी संगीतमय महफ़िल

नितिन कुमार, नचिकेत लेले एवं वैशाली रायकवार की होगी आकर्षक प्रस्तुति

सिरपुर महोत्सव के द्वितीय दिवस सोमवार को संगीतमय प्रस्तुतियों की भव्य श्रृंखला के अंतर्गत इंडियन आइडल फेम कलाकारों की विशेष प्रस्तुति दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण रहेगी। रात्रि 7 बजे से 10 बजे तक इंडियन आइडल सीजन 10 के नितिन कुमार, सीजन 12 के नचिकेत लेले एवं सुप्रसिद्ध गायिका वैशाली रायकवार अपनी मधुर आवाज़ से समां बांधेंगे। इन लोकप्रिय कलाकारों द्वारा बॉलीवुड, सूफी, भक्ति एवं आधुनिक गीतों की शानदार प्रस्तुति दी जाएगी।

कार्यक्रम की शुरुआत सायं 4 बजे से इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ द्वारा शास्त्रीय गायन, वादन एवं सुगम संगीत से होगी। इसके पश्चात सूफी स्पिरिचुअल म्यूजिक, कबीर संगीत संध्या, थेरीगाथा नाट्य प्रस्तुति एवं भरतनाट्यम नृत्य एवं विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शाम 5ः30 बजे से भिलाई की पुष्पा साहू द्वारा नवा किस्मत लोक कला मंच की प्रस्तुति दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel