
भाजपा नेता अखिलेश मिश्रा गुड्डू के नेतृत्व में बिजली विभाग के आला अधिकारियों से हुई वार्ता
विगत २-३ दिनों से आजमगढ़ जनपद और नगर क्षेत्र में चरमराई हुई है विद्युत आपूर्ति
मुख्य अभियंता ने कहा: जल्द सुधरेगी व्यवस्था, जर्जर तारों व केबलों को बदलने की प्रक्रिया शुरू
आजमगढ़। जनपद और नगर क्षेत्र में पिछले २-३ दिनों से आ रही गंभीर बिजली समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता से मिला। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अखिलेश मिश्रा ‘गुड्डू’ के नेतृत्व में गए इस प्रतिनिधिमंडल ने बिजली संकट से जूझ रही जनता की समस्याओं को पुरजोर तरीके से अधिकारियों के सामने रखा।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य अभियंता कार्यालय में मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता (प्रथम), सहायक अभियंता और नगर के अवर अभियंताओं (जेई) के साथ मैराथन वार्ता की। भाजपा नेताओं ने अधिकारियों को जनपद और नगर क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती, लो-वोल्टेज और स्थानीय स्तर पर आ रहे फॉल्ट्स से अवगत कराया, जिससे आम जनजीवन बेहाल है।
जर्जर तार और केबल बदलने के लिए बनेगा एस्टीमेट
भाजपा नेताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य अभियंता ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन क्षेत्रों में जर्जर तारों और केबलों के कारण बार-बार फॉल्ट हो रहे हैं, वहां का आगणन (एस्टीमेट) बनाकर त्वरित सुधारात्मक कार्यवाही की जाएगी ताकि भविष्य में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा के जिला महामंत्री पवन सिंह मुन्ना, जिला उपाध्यक्ष अवनीश मिश्रा, जिला कोषाध्यक्ष अभिनव श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष मृगांक शेखर सिन्हा, मंडल अध्यक्ष शशिकांत विश्वकर्मा, बाबू राम चौहान, नगर महामंत्री नीरज सिंह, सभासद अवनीश चतुर्वेदी, सभासद पुरुषोत्तम सिंह, अभिषेक गुप्ता, मुंशी निषाद सहित समस्त भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

