
आजमगढ़: चंद्रमा ऋषि धाम में बरगद का पौधा लगाकर सफाई कर्मचारियों ने की पुरानी पेंशन (OPS) बहाल करने की मांग
आजमगढ़। पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन अब अनोखे और पर्यावरण-अनुकूल तरीकों से जारी है। रविवार, 9 अगस्त 2026 को सावन के पवित्र अवसर पर ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले कर्मचारियों ने मुजफ्फरपुर (जनपद आजमगढ़) स्थित प्रसिद्ध चंद्रमा ऋषि आश्रम पर भगवान भोलेनाथ के मंदिर परिसर में बरगद का पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार से जल्द से जल्द पुरानी पेंशन बहाल करने की जोरदार मांग उठाई।
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सीपी यादव ने कहा कि कर्मचारी लगातार पौधरोपण और जन-जागरूकता के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री तक अपनी आवाज पहुंचाते रहेंगे। जब तक कर्मचारियों के सम्मान की रक्षा नहीं होती, तब तक यह अभियान जारी रहेगा।
संघ के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया और ब्लॉक अध्यक्ष रमेश कुमार यादव ने कहा, “पुरानी पेंशन हमारे जीवन का आधार और बुढ़ापे का एकमात्र सहारा है। यह किसी की कृपा नहीं, बल्कि कर्मचारियों के हक की लड़ाई है। जब तक सरकार हमारी मांग स्वीकार नहीं कर लेती, तब तक यह संघर्ष किसी न किसी रूप में अनवरत चलता रहेगा।”
वहीं ब्लॉक पर्यवेक्षक अभय चौहान ने स्पष्ट किया कि जब तक पुरानी पेंशन लागू नहीं होती, तब तक कर्मचारी इसी तरह पौधरोपण के माध्यम से सांकेतिक और सकारात्मक विरोध दर्ज कराते रहेंगे।
पौधरोपण कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सीपी यादव, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष गुलाब चौरसिया, ब्लॉक अध्यक्ष रमेश कुमार यादव, ब्लॉक पर्यवेक्षक अभय चौहान, सुनील कुमार यादव, लालजी विश्वकर्मा, महेंद्र प्रजापति, रामाश्रय कुमार, अब्दुल, विनोद कुमार, सिरमोद, अरविंद, ओमप्रकाश, सुकून, मुशर्रफ जहां और अशोक प्रजापति सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे।


