लुवास में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर

लुवास में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक दूरभाष – 94161 91877

हिसार, 8 मार्च : लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार के महिला प्रकोष्ठ द्वारा कुलपति प्रो. डॉ. विनोद कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस बड़े उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, हिसार के हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस की प्रोफेसर डॉ. सुनीता रानी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्षा एवं निदेशक मानव संसाधन प्रबंधन डॉ. सोनिया सिंधु ने की।
मुख्य अतिथि डॉ. सुनीता रानी ने अपने प्रेरणादायी व्याख्यान में समाज में महिलाओं की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, नेतृत्व, प्रशासन और उद्यमिता जैसे विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शिक्षा और अवसर प्रदान करना एक प्रगतिशील और समावेशी समाज के निर्माण के लिए अत्यंत आवश्यक है।
डॉ. सुनीता रानी ने आगे महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता तथा आत्मविश्वास के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि “जब एक महिला शिक्षित होती है तो पूरा परिवार शिक्षित होता है।” उन्होंने विद्यार्थियों और युवा पेशेवरों को लैंगिक समानता तथा सामाजिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्षा डॉ. सोनिया सिंधु ने सभी प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय महिलाओं के सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और नेतृत्व विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. रचना ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। यह कार्यक्रम महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करने तथा समानता और समावेशिता पर आधारित समाज के निर्माण के संकल्प को दोहराने का एक प्रेरणादायी मंच साबित हुआ।
इस अवसर पर पशुचिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. मनोज रोज, कुलसचिव डॉ. एस.एस. ढाका, टीचिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अशोक मलिक सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वैज्ञानिक, प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
जनसम्पर्क अधिकारी डॉ. निलेश सिन्धु ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करना तथा समाज में महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि लुवास समय-समय पर ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है।




