Uncategorized
फिरोजपुर में जन्मे जालंधर के भारत कंडियारा का विश्व मंच पर चयन, सोनीपत ट्रायल में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम में जगह

(पंजाब) फिरोजपुर 24 मार्च [कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता]=
जालंधर के होनहार पावरलिफ्टर भारत कंडियारा जिसका जन्म फिरोजपुर शहर भारत नगर में हुआ ने देश का नाम रोशन करते हुए जीपीसी वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है। यह विश्व स्तरीय प्रतियोगिता 19 से 25 अक्टूबर 2026 तक पोलैंड के पाबियानिसे शहर में आयोजित की जाएगी।
भारतीय टीम के लिए चयन ट्रायल 22 मार्च 2026 को हरियाणा के सोनीपत में आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच भारत कंडियारा ने अपने दमदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया और टीम में अपनी जगह बनाई।
इस दौरान आयोजित प्रतियोगिता में स्क्वाट, बेंच प्रेस, डेडलिफ्ट और स्ट्रिक्ट कर्ल जैसे इवेंट्स शामिल रहे, जिनमें भारत कंडियारा ने बेहतरीन ताकत और तकनीक का प्रदर्शन किया।
नेचुरल स्ट्रॉन्ग पावरलिफ्टिंग फेडरेशन द्वारा जारी चयन पत्र के अनुसार, भारत कंडियारा सीनियर कैटेगरी में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनकी इस उपलब्धि से जालंधर/ फिरोज़पुर और पूरे पंजाब में खुशी की लहर है।
भारत कंडियारा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने कोच, परिवार और समर्थकों को दिया है। खेल प्रेमियों का मानना है कि भारत कंडियारा अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीत सकते हैं।



