कुवि के यूएसएम में पाँच दिवसीय सॉफ्ट स्किल्स कार्यशाला: छात्रों में संचार, नेतृत्व व कॉर्पोरेट शिष्टाचार पर विशेष जोर

हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक दूरभाष – 94161 91877
कुरुक्षेत्र, 4 फरवरी : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट द्वारा सेंटर ऑफ कंटीन्यूइंग एजुकेशन के सहयोग से रूसा प्रोजेक्ट सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित पाँच दिवसीय सॉफ्ट स्किल्स कार्यशाला के तीसरे दिन का आयोजन फैकल्टी लाउंज में किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य छात्रों की पेशेवर दक्षताओं, संचार कौशल तथा कार्यस्थल की तैयारी को सुदृढ़ करना है। प्रातः सत्र में सॉफ्ट स्किल्स विशेषज्ञ डॉ. आकाश चंद ने प्रभावी संचार, अपेक्षा प्रबंधन, भावनात्मक बुद्धिमत्ता एवं संकट प्रबंधन जैसे विषयों पर प्रकाश डाला। समूह चर्चा और मॉक इंटरव्यू के माध्यम से छात्रों के आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता को विकसित किया गया।
दोपहर सत्र में कॉरपोरेट ट्रेनर डॉ. प्राची कपिल ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सुनने के कौशल के महत्व को समझाया तथा वर्कप्लेस और डाइनिंग एटिकेट पर व्यावहारिक जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. सलोनी पी. दीवान एवं डॉ. उत्कर्ष मंगल ने सभी वक्ताओं और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।



