
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 25 जून : गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने आज नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शुभेच्छा मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान गुजरात में जारी विभिन्न विकासलक्ष्यी और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने प्रधानमंत्री को गुजरात में प्राकृतिक कृषि के दायरे और उसके परिणाम की जानकारी दी। राज्यपाल ने कहा कि किसानों को जहरमुक्त खेती अर्थात प्राकृतिक खेती की ओर लाने तथा गाय आधारित खेती को प्रोत्साहन देने के लिए राज्यभर में सघन अभियान चलाया जा रहा है।
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री के संकल्पों के अनुरूप राज्य में बिजली बचत के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। राज्यपाल ने कहा कि गुजरात लोकभवन के दिशानिर्देश से पूरे गुजरात की सभी सरकारी दफ्तरों, विश्वविद्यालयों, म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन्स में बिजली बचत का अभियान मिशनमोड पर चल रहा है।
मुलाकात के दौरान राज्यपाल द्वारा गुजरात के ग्राम्य क्षेत्रों में आयोजित ग्राम कल्याण कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। राज्यपाल ने ग्रामीण स्तर पर स्वच्छता, वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, संस्कार, रोजगार, स्वास्थ्य, नशामुक्ति, पशुपालन, सरकारी योजनाएं, प्राकृतिक कृषि और सामाजिक समरसता आदि के लिए किए गए कामकाज की जानकारी भी प्रधानमंत्री जी को दी। साथ ही, ग्रामीणों के साथ सीधे संवाद के माध्यम से मिले सकारात्मक प्रतिभावों से भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अवगत करवाया।


