
(पंजाब)फिरोजपुर, 03 सितंबर 2026 {कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता}=
हार्मनी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल द्वारा हनुमान मंदिर, फिरोजपुर में निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ आयुर्वेद, स्वस्थ जीवनशैली एवं रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक करना था।
यह शिविर चेयरमैन श्री धरमपाल बंसल, डायरेक्टर श्री योगेश बंसल एवं प्रिंसिपल डॉ. एम. पी. सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
शिविर में डॉ. साहिल गुलेरिया, डॉ. अंकुश शर्मा एवं डॉ. आभा की चिकित्सा टीम ने लोगों की स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श किया। मरीजों को उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के अनुसार उचित आहार, जीवनशैली, रोगों से बचाव तथा आयुर्वेदिक उपचार संबंधी आवश्यक सलाह दी गई।
शिविर के दौरान मधुमेह (शुगर) रोग के प्रति विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। चिकित्सकों ने लोगों को मधुमेह के कारणों एवं जोखिम कारकों, प्रमुख लक्षणों, संभावित जटिलताओं, नियमित रक्त शर्करा जांच, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, वजन नियंत्रण तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श के महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही, मधुमेह से बचाव एवं पहले से मधुमेह से पीड़ित मरीजों में रक्त शर्करा को नियंत्रित रखने के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया गया।
शिविर में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा चिकित्सा परामर्श एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का लाभ उठाया।
हार्मनी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के प्रबंधन ने कहा कि संस्थान भविष्य में भी इसी प्रकार के निःशुल्क चिकित्सा एवं जन-जागरूकता शिविरों का आयोजन करता रहेगा, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं एवं आयुर्वेद की जानकारी पहुंचाई जा सके।
हार्मनी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार, रोगों की रोकथाम, स्वस्थ जीवनशैली एवं जनकल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है।


