हरियाणा: नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह के बहिष्कार के ऐलान पर विस अध्यक्ष नाराज

नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह के बहिष्कार के ऐलान पर विस अध्यक्ष नाराज
ज्ञान चंद गुप्ता बोले – कांग्रेस ने लोकतंत्र विरोधी मानसिकता का परिचय दिया।

हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 9416191877

चंडीगढ़, 25 मई :
नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह का कांग्रेस द्वारा बहिष्कार करने के ऐलान पर हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ऐसा करके कांग्रेस ने अपनी लोकतंत्र विरोधी मानसिकता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि आज हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं। यह वक्त आपस में बंटने का नहीं बल्कि एकता और देश के लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता दिखाने का अवसर है।
विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि संसद भवन लोकतंत्र का मंदिर है। इसके उद्घाटन समारोह का बहिष्कार करना लोकतंत्र का अपमान है। गुप्ता ने ट्वीट कर कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही लोकतंत्र की हत्या की है। कभी देश में इमरजेंसी लगाकर तो कभी चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त करके। इस पार्टी की कभी लोकतंत्र में आस्था नहीं रही।
विस अध्यक्ष ने कहा कि भारत का पुराना संसद भवन गुलामी के वक्त बना था और उसका उद्घाटन भी विदेशी शासकों ने किया था। आजादी के 75 वर्ष बाद बने नए भवन का उद्घाटन भारत की जनता द्वारा चुने गए प्रधानमंत्री द्वारा किया जाना कांग्रेस को रास नहीं आ रहा। यह पार्टी अपनी भारत और लोकतंत्र विरोधी मानसिकता का त्याग नहीं कर पा रही।
उन्होंने कहा कि संसदीय लोकतंत्र के प्रति कांग्रेस के इस प्रकार के तिरस्कार की जड़ें गहरी हैं। आजादी से लेकर अब तक पूरा इतिहास गवाह है कि कांग्रेस की कभी भी लोकतांत्रिक मूल्यों में आस्था नहीं रही। उन्होंने कहा कि नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह का बहिष्कार करने से पहले कांग्रेस को अपने गिरेबां में भी झांकना चाहिए। 24 अक्टूबर 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने नई दिल्ली में संसद की एनेक्सी यानी उपभवन का उद्घाटन किया था। देश में उस समय आपातकाल चल रहा था और राष्ट्रपति इस समारोह में आमंत्रित नहीं थे।
उन्होंने कहा कि 2014 में झारखंड और असम के नए विधानसभा भवन का शिलान्यास यूपीए के मुख्यमंत्रियों ने किया था और समारोह के लिए राज्यपाल तक को न्यौता नहीं दिया गया था। 2018 में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने नए विधानसभा भवन का शिलान्यास किया। तब भी राज्यपाल को न्यौता नहीं दिया गया। वर्ष 2020 में सोनिया गांधी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा का शिलान्यास किया, तब भी राज्यपाल को नहीं बुलाया गया। इसी वर्ष यानी 2023 में तेलंगाना के विधानसभा भवन का उद्घाटन भी मुख्यमंत्री द्वारा किया गया, लेकिन राज्यपाल को समारोह के लिए न्योता नहीं दिया गया।
कांग्रेस ने नए संसद भवन के उद्घाटन समारोह के बहिष्कार का ऐलान कर जता दिया है कि उसका न तो लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास है और न ही उसके लिए संसदीय मर्यादा कोई अहमियत रखती। यह पार्टी हर मुद्दे पर राजनीति करना चाहती है, जो कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है।
हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता का फाइल फोटो।

Read Article

Share Post

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Please rate

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

अयोध्या: विश्व शांति एवं सामंजस्य के लिए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एक महत्वपूर्ण कड़ी : महापौर

Thu May 25 , 2023
अयोध्या:——–विश्व शांति एवं सामंजस्य के लिए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एक महत्वपूर्ण कड़ी :—– महापौरमनोज तिवारी ब्यूरो अयोध्धामोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान,भारत सरकार के तत्वाधान एवं विवेकसृष्टि अंतरराष्ट्रीय योग केंद्र रामघाट अयोध्या धाम के संयोजन में 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम की पूर्व तैयारी को दृष्टिगत एक भव्य योगाभ्यास […]

You May Like

Breaking News

advertisement