काव्य पाठ और रामकथा से सजा हिन्दू नववर्ष कार्यक्रम , नैमिषारण्य तीर्थ पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

काव्य पाठ और रामकथा से सजा हिन्दू नववर्ष कार्यक्रम , नैमिषारण्य तीर्थ पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
तीर्थ नैमिषारण्य स्थित समाधि क्षेमनाथ धाम पर हिन्दू नववर्ष के पावन अवसर पर भव्य रामचरित मानस पाठ एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसे नववर्ष महोत्सव के रूप में बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
संभल में इस भव्य हिन्दू नववर्ष महोत्सव का आयोजन सिद्ध समाधि बाबा क्षेमनाथ के महंत बाल योगी दीनानाथ एवं क्षेमनाथ धाम परिवार द्वारा किया गया, जिसमें क्षेत्रभर से श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति देखने को मिली।
कार्यक्रम में बरेली से आए कथावाचक डॉक्टर बृजेश यादव द्वारा सुंदरकांड की रामकथा का भावार्थ सहित सुंदर वाचन किया गया। उनके मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुतीकरण से उपस्थित हजारों श्रद्धालु भक्तिमय वातावरण में डूब गए और सभी ने राम रस का आनंद लिया। रामकथा के उपरांत भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। मंच संचालन का दायित्व कवि सौरभ कांत शर्मा ने संभालते हुए अपनी प्रभावशाली काव्य प्रस्तुति से कार्यक्रम को ऊर्जावान बना दिया।
कवि सम्मेलन में देशभक्ति, राष्ट्रभक्ति, धर्म, संस्कृति एवं सामाजिक सरोकारों से ओतप्रोत रचनाओं की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर इटावा से राम भदावर, नोएडा से अमित शर्मा, राजस्थान से महेश डांगरा, सम्भल से व्यंग्य कवि अतुल कुमार शर्मा, प्रदीप शर्मा, सात्विक नीलदीप सहित अन्य कवियों ने अपनी रचनाओं से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को सशक्त करते हुए यूजीसी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने की बात कही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय एवं उत्सवमय वातावरण में सराबोर हो गया। इस अवसर पर बाल योगी बाबा दीनानाथ एवं फिल्म निर्माता अमित जानी ने सभी कविगणों को पगड़ी पहनाकर, तलवार भेंट की।
कार्यक्रम में स्वामी भगवद प्रिय, अनंत पुरी, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू, शिवशंकर शर्मा, कमलकांत तिवारी, संजीव शुक्ला, कुलदीप चाहल, वीकेश शर्मा, शेखर चौहान , विकास वर्मा, सजन श्रीमाली, राहुल रुद्र, अमित शुक्ला, भोले सिंह त्यागी, उमेश श्रीमाली, राकेश वार्ष्णेय, शिवम, अभिषेक, गणेश, प्रभाकर शुक्ला, राजीव यादव, सुखवीर यादव आदि लोग उपस्थित रहे।




