
पंजाबी समाज के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को ज्ञापन
सागर मलिक
खटीमा: उत्तरांचल पंजाबी महासभा के नगर अध्यक्ष जितिन ग्रोवर के नेतृत्व में पंजाबी समाज के संबंध में की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में भारत की माननीय राष्ट्रपति महोदया, माननीय प्रधानमंत्री जी एवं उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री जी को ज्ञापन प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि सुश्री आकांक्षा नेगी द्वारा पंजाबी समाज के लोगों को कथित रूप से “पाकिस्तानी” कहे जाने वाली टिप्पणी से पंजाबी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है। पंजाबी समाज ने हमेशा देश की एकता, अखंडता और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। ऐसे में किसी भी समाज या समुदाय को उसकी पहचान के आधार पर अपमानित अथवा आपत्तिजनक टिप्पणी किया जाना उचित नहीं है।
इस अवसर पर उत्तरांचल पंजाबी महासभा के नगर अध्यक्ष जितिन ग्रोवर ने कहा कि, “पंजाबी समाज देश की मिट्टी से गहराई से जुड़ा हुआ समाज है। देश के विभाजन का दर्द सहने के बावजूद पंजाबी समाज ने अपने परिश्रम, साहस और राष्ट्रभक्ति के बल पर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। किसी भी पंजाबी को ‘पाकिस्तानी’ कहना न केवल भावनाओं को आहत करने वाला है, बल्कि उन लाखों लोगों के संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान का भी अपमान है।”
अनिल बत्रा ने कहा कि “हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध वैमनस्य पैदा करना नहीं है। हम केवल यह चाहते हैं कि समाज के किसी भी वर्ग के सम्मान और भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली भाषा का प्रयोग न किया जाए।
श्रीमती चर्चा बत्रा ने कहा कि हमारा विश्वास संविधान, कानून और लोकतांत्रिक व्यवस्था में है। इसलिए हमने माननीय राष्ट्रपति महोदया, माननीय प्रधानमंत्री जी एवं माननीय मुख्यमंत्री जी से मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।”
मनोज वाधवा ने कहा कि पंजाबी समाज सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और राष्ट्र की एकता में विश्वास रखता है तथा भविष्य में भी सभी वर्गों के सम्मान के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाता रहेगा।
ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से उत्तरांचल पंजाबी महासभा के नगर अध्यक्ष जितिन ग्रोवर, महामंत्री हरीश बत्रा, अनिल बत्रा, करनैल सिंह खिंडा, हरभजन सिंह खिंडा, सुमित गुंबर, विजय अरोड़ा, मनोज बाधवा, मंगतराम अरोड़ा, सुनील बत्रा, दलबीर सिंह सोहल, ललित मोहन मारवाह ,सोनिया सुनेजा, आरती डाबर, दीप्ति ग्रोवर, चर्चा बत्रा, सीमा बत्रा एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
जितिन ग्रोवर
नगर अध्यक्ष
उत्तरांचल पंजाबी महासभा, खटीमा ।

