एनआईसी के सीनियर डायरेक्टर विनोद कुमार सिंगला 34 साल की सेवाएं देने के उपरांत हुए सेवानिवृत

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने किया सम्मानित।
ढोल की थाप पर दी भावभीनी विदाई, जिला प्रशासन याद रखेगा सीनियर डायरेक्टर विनोद कुमार की उल्लेखनीय सेवाओं को।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 31 मार्च : उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि एनआईसी के सीनियर डायरेक्टर विनोद कुमार सिंगला ने कुरुक्षेत्र के विकास और प्रचार प्रसार के लिए एक सराहनीय, उल्लेखनीय उत्कृष्ट सेवाएं दी है। इन सेवाओं की बदौलत देश विदेश के लोग अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के साथ जुड़े रहे और पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन किया। इन सेवाओं को जिला प्रशासन कभी भूला नहीं पाएगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा लघु सचिवालय के सभागार में एनआईसी विभाग की तरफ से आयोजित विदाई समारोह में बोल रहे थे। इससे पहले उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, नगराधीश आशीष कुमार, केडीबी सीईओ पंकज सेतिया, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल, डीआईपीआरओ डा. नरेन्द्र सिंह, लेखा अधिकारी सत्य भूषण, एडआईओ भारती ने एनआईसी के सीनियर डायरेक्टर विनोद कुमार सिंगला को सेवानिवृति पर बधाई और शुभकामनाएं देने के साथ-साथ यादगारी के लिए एक स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।
उपायुक्त ने कहा कि एनआईसी के सीनियर डायरेक्टर विनोद कुमार सिंगला ने हमेशा सरकार और प्रशासन के हर आदेश और निर्देश का पालन किया है। इस एनआईसी विभाग को नई ऊंचाइयों की तरफ ले जाने में अहम योगदान दिया। इसके साथ ही सरकार और प्रशासन की तमाम गतिविधियों को अमलीजामा पहनाने के लिए उत्कृष्ट कार्य किया, ऐसे अधिकारियों की भविष्य में कमी खलेगी। इस कार्यक्रम में केडीबी के सीईओ पंकज सेतिया, नगराधीश आशीष कुमार व मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को लेकर 18 दिवसीय गीता क्वीज प्रतियोगिताएं सीनियर डायरेक्टर विनोद सिंगला की ही देन रही है।
एडीआईओ भारती ने कहा कि एनआईसी के सीनियर डायरेक्टर विनोद कुमार सिंगला ने 28 फरवरी 1992 को सरकारी सेवाएं ज्वाइन की और पहली पोस्टिंग महिला एवं बाल विकास जींद में सहायक सांख्यिकी अधिकारी के रूप में रही। इसके बाद 1997 में एनआईसी हैड क्वाटर नई दिल्ली में साईटिस्ट पद पर अपनी सेवाएं दी और 1999 में कुरुक्षेत्र एनआईसी कार्यालय में तबादला हुआ। तब से लेकर अब तक सीनियर डायरेक्टर विनोद सिंगला ने कुरुक्षेत्र में ही सेवाएं दी। इन सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा। एनआईसी के सीनियर डायरेक्टर विनोद कुमार सिंगला ने प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पग-पग पर सभी अधिकारी और कर्मचारियों ने उनका सहयोग किया। इसके साथ ही उनके परिवार का भी हमेशा साथ रहा है। इस मौके पर उनकी धर्मपत्नी आर्यदीप आर्य, बेटे आदिविक, नितिन सिंगला, चारू, आरवी, सुरेन्द्र सिंगला, ऊषा, सरोज, निर्मल, सुनीता, दिवाकर, मुकेश, विक्रम आदि उपस्थित रहे।




