नवरात्रि पर्व पर पूनम सिंह ने की माँ जगदंबे की आरती, क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि की कामना

रायबरेली
रिपोर्टर विपिन राजपूत
नवरात्रि पर्व पर पूनम सिंह ने की माँ जगदंबे की आरती, क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि की कामना
रायबरेली विधानसभा क्षेत्र के राही ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पूरे निकासु और ग्राम बेन्द में नवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य दुर्गा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए और माता रानी की आराधना कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति और मंगलमय भविष्य की कामना की।
ग्राम पूरे निकासु में मोनू रावत के सहयोग से आयोजित दुर्गा महोत्सव में सुबह से ही भक्तों का आना-जाना लगा रहा। शाम को माता रानी की आरती के दौरान पूरा पंडाल भक्तिरस और जयकारों से गूंज उठा। इसी तरह ग्राम बेन्द में अनूप पाल के संयोजन से आयोजित दुर्गा कार्यक्रम में भी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रमों में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं कमला फाउंडेशन की अध्यक्ष पूनम सिंह ने माँ जगदंबे की आरती करने का सौभाग्य प्राप्त किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि नवरात्रि केवल पूजा-पाठ का पर्व नहीं, बल्कि यह स्त्री शक्ति के सम्मान और अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि ऐसे आयोजनों को केवल धार्मिक अनुष्ठान न मानकर सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का माध्यम बनाएं।
पूनम सिंह ने क्षेत्रवासियों के सुख-समृद्धि, शांति और उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक कामना की। उन्होंने कहा कि गाँव-गाँव में इस तरह के आयोजन समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि नवरात्रि जैसे पर्व गाँव में आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण करते हैं और आपसी भाईचारे को मज़बूत करते हैं।
नवरात्रि पर्व पर आयोजित इन दुर्गा कार्यक्रमों ने पूरे निकासु और बेन्द ग्राम के लोगों को एक साथ जोड़ दिया। श्रद्धालुओं ने विश्वास जताया कि माँ दुर्गा की कृपा से आने वाला समय पूरे क्षेत्र के लिए सुख-समृद्धि और शांति लेकर आएगा।