राम नवमी पर महाप्रभु श्री रामलाल जी भगवान का भव्य जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न

सेंट्रल डेस्क संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
सह संपादक – संजीव कुमारी दूरभाष – 9416191877
नई दिल्ली/हरिद्वार : योग योगेश्वर महाप्रभु श्री रामलाल जी भगवान के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर आज राम नवमी महोत्सव 2026 श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ अत्यंत भव्य रूप में सम्पन्न हुआ। देशभर से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं और साधकों की उपस्थिति ने इस आयोजन को दिव्यता और आस्था का विशेष स्वरूप प्रदान किया।
प्रातःकाल से ही धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई थी, जिसमें पावन अभिषेक, भव्य आरती, वेदमय हवन एवं कलश पूजन जैसे अनुष्ठान पूरे विधि-विधान के साथ सम्पन्न किए गए। इसके पश्चात श्री पूर्णानन्द आश्रम, कनखल से हर की पौड़ी तक भव्य शोभा यात्रा निकाली गई, जो इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही। शोभा यात्रा के दौरान भक्ति संगीत, गुरुदेव की आरती और योग प्रदर्शन ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर दिया।
शोभा यात्रा का एक विशेष एवं भावनात्मक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब स्वामी अमित देव, स्वामी नित्यानंद और स्वामी कार्तिकेय ने महाप्रभु श्री रामलाल महाराज के पावन स्वरूप को अपने कंधों पर विराजमान कर हर की पौड़ी तक यात्रा का नेतृत्व किया। इस क्षण ने उपस्थित श्रद्धालुओं के मन में गहरी आस्था और भाव-विभोर वातावरण उत्पन्न कर दिया।
इस अवसर पर योगेश्वर देवीदयाल महाराज जी के परम प्रिय शिष्य एवं विश्वविख्यात जादूगर सम्राट शंकर जी की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने महाप्रभु श्री रामलाल जी भगवान के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त करते हुए कहा कि वे स्वयं को सदैव महाप्रभु जी का शिष्य मानते हैं और उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग को अपने जीवन का आधार मानते हैं।
जादूगर सम्राट शंकर ने स्वामी अमित देव जी एवं श्री योग अभ्यास आश्रम ट्रस्ट (SYAAT) की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था गुरु महाराज की दिव्य परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाज में योग के वास्तविक स्वरूप का व्यापक प्रसार कर रही है। उन्होंने कहा कि एसवाईएएटी सेवा, साधना और समर्पण की भावना के साथ कार्य करते हुए लोगों को सच्चे योग से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।
इस भव्य आयोजन में प्रधान योगाचार्य स्वामी अमित देव जी, योगाचार्य नित्यानंद, योगाचार्य कार्तिकेय, महेश चंद गोयल (अध्यक्ष), अखिल नाथ (राष्ट्रीय मीडिया सचिव), मयंक पोर्वाल, विनय, वरिष्ठ पत्रकार आर.के. भारद्वाज तथा देहरादून से वरिष्ठ पत्रकार चंद्रशेखर जोशी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
श्री योग अभ्यास आश्रम ट्रस्ट (SYAAT) के बारे में वर्ष 1888 में स्थापित श्री योग अभ्यास आश्रम ट्रस्ट (SYAAT) एक प्राचीन एवं अखंड गुरु परंपरा से जुड़ी संस्था है, जिसकी स्थापना प्रथम गुरु गद्दी योगेश्वर रामलाल भगवान द्वारा की गई। यह संस्थान योग को जीवन की संपूर्ण पद्धति के रूप में स्थापित करते हुए योगिक क्रियाएँ, आसन एवं प्राणायाम के माध्यम से शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है।
यह आयोजन न केवल आस्था और भक्ति का संगम बना, बल्कि योग और आध्यात्मिक जीवन शैली के प्रति जागरूकता का एक सशक्त माध्यम भी सिद्ध हुआ।




