
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर UPHC सी.बी. गंज में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह के मार्गदर्शन एवं नोडल अधिकारी डॉ. अजमेर सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. मधु गुप्ता, MOIC, UPHC सी.बी. गंज की उपस्थिति में वरिष्ठ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ऑक्सीजन सैचुरेशन एवं वजन आदि की जांच के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
वरिष्ठ नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार, शारीरिक सक्रियता, दवाओं के नियमित सेवन तथा गिरने से बचाव के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान एवं अभिनंदन कर उनके अनुभव और समाज में योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में SN श्री मनमोहन सिंह, सरिता एवं LT श्रवण का विशेष सहयोग रहा। स्वास्थ्य टीम द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं एवं परामर्श उपलब्ध कराया गया।
डॉ. मधु गुप्ता ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव, संस्कार और जीवन-मूल्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा हैं। उनके स्वास्थ्य, सम्मान और गरिमापूर्ण जीवन की देखभाल हम सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में UPHC सी.बी. गंज की स्वास्थ्य टीम एवं क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। “सम्मान भी, स्वास्थ्य भी — हमारे वरिष्ठ नागरिक, हमारी अमूल्य धरोहर।”

