
रायबरेली, 20 जून 2026। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने शनिवार को डलमऊ पम्प कैनाल के अंतर्गत स्थित पम्प हाउस का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पम्पों की संचालन व्यवस्था का जायजा लिया, जहां 10 पम्प संचालित पाए गए। जिलाधिकारी ने पम्पों की कार्यक्षमता पर संतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को इनके सुचारू संचालन को बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों को समय से एवं पर्याप्त मात्रा में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्तमान कृषि सीजन को देखते हुए किसी भी स्थिति में सिंचाई व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए।
तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि डलमऊ पम्प कैनाल के माध्यम से किसानों के खेतों तक शीघ्र पानी छोड़ा जाए, जिससे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके बाद जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के निरीक्षण भवन का भी निरीक्षण किया तथा वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय परिसरों की साफ-सफाई एवं रखरखाव कार्यकुशलता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पम्प हाउस का नियमित निरीक्षण करने तथा किसी भी तकनीकी खराबी को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। साथ ही जल वितरण प्रणाली को पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाए रखने पर बल दिया, ताकि सभी किसानों को समान रूप से लाभ मिल सके।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता सिंचाई सुशील यादव, अधिशासी अभियंता शारदा सहायक खण्ड शहनवाज, तहसीलदार डलमऊ मंजरी सिंह सिद्दीकी सहित सिंचाई विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


