खेल हमारे व्यक्तित्व को निखारने और अनुशासित बनाने का सशक्त जरिया : विश्राम कुमार मीणा

पीएम श्री योजना के तहत जिला स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिता का हुआ उद्घाटन।
कुरुक्षेत्र, (संजीव कुमारी) 6 फरवरी : उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि खेल केवल मैदान पर जीत हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह हमारे व्यक्तित्व को निखारने और हमें अनुशासित बनाने का सशक्त जरिया है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा शुक्रवार को स्थानीय द्रोणाचार्य स्टेडियम में समग्र शिक्षा विभाग द्वारा पीएमश्री योजना के तहत आयोजित जिला स्तरीय खेल कूद प्रतियोगिताओं के उदघाटन अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि खिलाडिय़ों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि खेल से एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है और पीएमश्री स्कूल जैसे संस्थान छात्रों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक रूप से भी मजबूत बना रहे है।
उपायुक्त ने कहा कि जब व्यक्ति बड़ा हो जाता है तो उसे अपने बचपन का खेल सदैव याद रहता है, इसलिए हमें जीवन में खेलना जरूर चाहिए, खेल खेलने से शरीर स्वस्थ रहता है और किसी तरह की कोई बीमारी भी नहीं लगती है। पीएमश्री स्कूल का लक्ष्य विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी विनोद कौशिक ने उपायुक्त का स्वागत करते हुए बताया कि इन खेलों में 12 पीएमश्री राजकीय विद्यालय भाग ले रहे है। इस वर्ष 2025-26 में हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिसर के तत्वाधान में विद्यार्थियों हेतु यह प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही है। इन प्रतियोगिताओं में जिले के खंडों में आयोजित खेल कूद प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भाग ले रहे है। एक दिवसीय प्रतियोगिता में जिले से करीब 176 विद्यार्थी इन प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे है। प्रतियोगिताओं में 100 मीटर रेस, 200 मीटर रेस, 400 मीटर रेस, लॉग जम्प, शॉटपुट, हाई जम्प, डिस्कस थ्रो और रिले रेस शामिल है।
इस मौके पर डीपीसी कृष्ण कुमार, एपीएल प्रदीप कुमार सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी व भारी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।




