Uncategorized

खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन और आत्मविश्वास को विकसित करने का सशक्त माध्यमः प्रो. सोमनाथ सचदेवा

कुवि के खिलाड़ियों का गौरवपूर्ण सम्मान, खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2024

कुरुक्षेत्र (प्रमोद कौशिक,अमित) 17 दिसम्बर : खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के सभी मेडल विजेता खिलाड़ी एवं नार्थ जोन पुरुष वॉलीबॉल चैम्पियन तथा महिला वॉलीबॉल टीम के उपविजेता खिलाड़ियों ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा से शिष्टाचार भेंट की। यह भेंट खिलाड़ियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रही, जहाँ कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने अपने व्यस्त कार्यक्रम में से समय निकालकर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि “कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय सदैव अपने खिलाड़ियों के साथ मजबूती से खड़ा रहा है और भविष्य में भी उन्हें हरसंभव सहयोग प्रदान करता रहेगा। खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और आत्मविश्वास को विकसित करने का सशक्त साधन हैं। विश्वविद्यालय का निरंतर प्रयास है कि खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएँ एवं सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय और देश का नाम रोशन कर सकें।”
उन्होंने कहा कि खेलों में मिली यह उपलब्धियाँ खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, कोचों के मार्गदर्शन तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के सहयोग का परिणाम हैं। कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि “महिला खिलाड़ियाँ न केवल खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, बल्कि समाज में महिला सशक्तिकरण की प्रेरक मिसाल भी प्रस्तुत कर रही हैं। विश्वविद्यालय को अपनी महिला खिलाड़ियों पर गर्व है, जो निरंतर नई ऊँचाइयों को छू रही हैं।” उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय खेल जगत में और भी उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल करेगा।
खेल निदेशक प्रो. डी.एस.राणा ने कहा कि इस वर्ष आयोजित खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की सहभागिता अत्यंत सफल, सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायक रही। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के 126 खिलाड़ियों ने सहभागिता की, जिनमें से 75 खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भाग लिया, जबकि वॉलीबॉल (पुरुष एवं महिला), बास्केटबॉल (महिला) एवं कबड्डी (महिला) टीमों ने टीम स्पर्धाओं में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने बताया कि देशभर से 4448 खिलाड़ियों के बीच 23 खेलों में हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 17 पदक (3 स्वर्ण, 7 रजत एवं 7 कांस्य) अर्जित किए। उल्लेखनीय है कि पिछले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में विश्वविद्यालय ने 14वाँ स्थान प्राप्त किया था, जबकि इस वर्ष निरंतर प्रगति का परिचय देते हुए 13वाँ स्थान हासिल किया, जो विश्वविद्यालय की खेल उपलब्धियों में निरंतर उन्नति का स्पष्ट प्रमाण है। विशेष रूप से नार्थ जोन पुरुष वॉलीबॉल टीम ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी महेंद्रगढ़ में 9 से 12 दिसंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में चैम्पियन बनकर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया, वहीं महिला वॉलीबॉल टीम ने इंटीग्रल यूनिवर्सिटी, लखनऊ में 10 से 14 दिसंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर खेल निदेशक प्रो. दिनेश राणा, बॉक्सिंग कोच राजेश कुमार, वॉलीबॉल कोच राजेश मेहला, कुश्ती कोच रमेश कुमार सहित विभिन्न खेलों के विजेता खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel