Uncategorized

हमारे संस्कारों से जुड़ एकजुटता व भाईचारे का संदेश देता है श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व : नायब सिंह सैनी

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कुरुक्षेत्र की गुर्जर धर्मशाला में पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी,समाज की मांग पर धर्मशाला के लिए रास्ते को लेकर स्वयं केंद्रीय रेल मंत्री से मिलने का किया ऐलान।
धर्मशाला में 51 लाख रुपये देने के साथ-साथ धर्मशाला प्रधान द्वारा रखी गई मांगों में से पूरी होने वाली सभी मांगों को पूरा करने की घोषणा भी की।

कुरुक्षेत्र, संजीव कुमारी 16 अगस्त : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की बधाई देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हमारी संस्कृति से जुड़ा है, हमारे संस्कारों के साथ जुड़ा है। जो हमें एकजुटता व भाईचारे का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार सुबह कुरुक्षेत्र में गुर्जर धर्मशाला में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह में पहुंचने पर गुर्जर धर्मशाला के प्रधान ऋषिपाल कसाना, पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर व वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक गुर्जर सहित समाज के भारी संख्या में पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का जोरदार अभिनंदन किया।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र की इस पावन भूमि पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के इस भव्य आयोजन पहुंच कर उन्हें बेहद खुशी का एहसास हो रहा है। जन्माष्टमी का यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण जी के जन्म का उत्सव तो है ही, साथ ही यह हमें गीता के अमर संदेश की भी याद दिलाता है। मुख्यमंत्री जी ने भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित पँक्तियों में
मां यशोदा की गोद में, चांद सा मुख चमकाए।
नन्हा कन्हैया माखन चुराकर सबको नाच नचाए।
सत्य, धर्म और प्रेम का संदेश दिया संसार।
आज भी कान्हा की लीला करती जग उद्धार।
के माध्यम से आज भी उनके संदेश को प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि यह वही भूमि है, जहां महाभारत का युद्ध हुआ था। यह वही धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र है, जहां भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश दिया था। गीता का वह ज्ञान, जो कर्म का महत्व, धर्म की रक्षा और सत्य की विजय का संदेश देता है, आज भी हमारे जीवन में प्रासंगिक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज, जब हम नए हरियाणा के निर्माण की बात करते हैं, तो यह गीता का संदेश ही है, जो हमें प्रेरित करता है। हम सबको मिलकर अपने राज्य के विकास के लिए काम करना है, अपने कर्तव्यों का पालन करना है। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से हमें समरसता का भी संदेश मिलता है। उन्होंने अपने जीवन में कभी भी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। वे अमीर गरीब, ऊंच नीच, छोटे बड़े, सभी के लिए समान थे। उनका यही संदेश हमें आज भी प्रेरित करता है कि हम सब मिलकर एक ऐसे समाज का निर्माण करें, जहां कोई भेदभाव न हो, जहां सभी लोग एक-दूसरे के साथ प्यार और सम्मान से रहें। आज हरियाणा भी इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हरियाणा सरकार माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के सिद्धांत पर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि हर एक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के सरकार की योजनाओं का लाभ मिले।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का प्रयास है कि विकास के साथ हमारी संस्कृति का भी संरक्षण हो। इसके लिए कुरुक्षेत्र में श्रीकृष्ण महोत्सव व अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव जैसे आयोजन किए जा रहे हैं। गीता के पावन संदेश को मानव मात्र तक पहुंचाने के लिए विदेशों में भी अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का गोकुल से जुड़ाव और गोपालक परंपरा गुर्जर समाज की सांस्कृतिक धारा में रचा-बसा है। गुर्जर समुदाय ने सदैव अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेज कर रखा है। गुर्जर समाज का इतिहास पराक्रम, त्याग और परिश्रम से भरा हुआ है। जिस तरह श्रीकृष्ण जी ने ग्वाल-बालों के साथ मिलकर एकजुटता और भाईचारे का संदेश दिया, ठीक वैसे ही गुर्जर समाज ने हर दौर में एकजुट होकर समाज और राष्ट्र हित में काम किया है।
उन्होंने जन्माष्टमी के इस शुभ अवसर सभी से अपील करते हुए कहा कि हम सभी मिलकर भगवान श्रीकृष्ण जी के आदर्शों पर चलें। हम सभी को धर्म, न्याय और सच्चाई के मार्ग पर चलना चाहिए। हमें एक ऐसे समाज का निर्माण करना है, जहां हर व्यक्ति को सम्मान मिले और कोई भी पीछे न रहे।
मुख्यमंत्री ने गुर्जर समाज की मांग पर घोषणा करते हुए कहा कि धर्मशाला के लिए जिस रास्ते की मांग की गई है, उसके लिए वे स्वयं केंद्रीय रेलमंत्री से मिलेंगे और समाज को यह सुविधा दिलवाएंगे। उन्होंने धर्मशाला द्वारा किए जा रहे जनसेवा के कार्यों के लिए 51 लाख रुपये की ग्रांट देने की भी घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि जो अन्य मांगे समाज द्वारा रखी गई हैं, उनमें से पूरी होने वाली सभी मांगों को हरियाणा सरकार द्वारा पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने आज ही हरियाणा सरकार की दयालु योजना के तहत 2020 परिवारों के खातों में 76 करोड़ रुपये की राशि भेजी है। ताकि जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उन परिवारों कुछ राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान श्रीकृष्ण गायों से विशेष स्नेह रखते थे। हरियाणा सरकार द्वारा भी गो संरक्षण अधिनियम बनाने सहित कई कल्याणकारी फैसले लिए हैं। वर्ष 2014 से पहले तक हरियाणा में गायों के लिए महज दो करोड़ रुपये का बजट रखा जाता था। जबकि आज सरकार द्वारा एक ही दिन प्रदेश की गोशालाओं में चारे के लिए 80 करोड़ रुपये की राशि दी जा रही है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने राजनीतिक जीवन में जिस शालीनता का परिचय दिया, वह आज भी अनुकरणीय है। उन्होंने विपक्ष में रहते हुए विकास के लिए लोगों के हितों की आवाज उठाई। जबकि आज देश के विपक्ष को लोगों का फायदा होने पर तकलीफ होने लगती है। कार्यक्रम को पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर व भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक कुमार गुर्जर ने संबोधित किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुभाषा सुधा, चेयरमैन धर्मबीर मिर्जापुर, भाजपा के जिला अध्यक्ष तेजेंद्र सिंह गोल्डी, पूर्व विधायक लीला राम गुर्जर, भाजपा के वरिष्ठ नेता जयभवगान शर्मा डीडी, पूर्व प्रधान गुर्जर धर्मशाला ओमप्रकाश राठी, वरिष्ठ उप-प्रधान रामस्वरूप गांगल, उप-प्रधान जगदीश चंद्र, महासचिव ब्रह्मपाल, कोषाध्यक्ष हरिसिंह, राव सुरेंद्र सिंह, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष कैथल राजपाल तंवर व मनीष कठवाड़ सहित समाज के भारी संख्या में लोग मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Compare Listings

Title Price Status Type Area Purpose Bedrooms Bathrooms
plz call me jitendra patel