कड़ी सुरक्षा में होगी 1 फरवरी को होगी टीईटी परीक्षा

जूते-मोजे और घड़ी पर बैन, आधे घंटे पहले ही बंद हो जाएंगे गेट

जगदलपुर, 21 जनवरी 2026/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल (व्यापमं) द्वारा आगामी 1 फरवरी 2026 को आयोजित की जाने वाली राज्य स्तरीय शिक्षक पात्रता परीक्षा इस बार सामान्य परीक्षाओं से काफी अलग होगी। जिला मुख्यालय जगदलपुर में 14,174 अभ्यर्थियों के लिए आयोजित इस महापरीक्षा में प्रशासन ने सुरक्षा और अनुशासन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। नकल और अनुचित साधनों को रोकने के लिए व्यापमं ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिसके तहत अभ्यर्थियों को एक विशेष ड्रेस कोड और समय-सीमा का पालन करना अनिवार्य होगा।
    परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए लागू किए गए इन सख्त नियमों के मुताबिक परीक्षार्थियों को केंद्र के भीतर जूते-मोजे पहनकर जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षार्थियों को केवल चप्पल पहनकर ही आना होगा। इसके अलावा, गहरे रंग के कपड़े पहनने पर भी रोक लगाई गई है। अभ्यर्थियों को केवल हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं ताकि फ्रिस्किंग की प्रक्रिया सुगमता से पूरी की जा सके। सुरक्षा जांच इतनी कड़ी होगी कि साधारण स्वेटर को भी जाँच के लिए उतरवाया जाएगा। इसके साथ ही कान में किसी भी प्रकार के आभूषण, पर्स, बेल्ट, टोपी, घड़ी और किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को परीक्षा कक्ष में ले जाना पूर्णतः वर्जित किया गया है।
    प्रशासन ने समय की पाबंदी को लेकर भी जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। अभ्यर्थियों को विशेष रूप से सतर्क किया गया है कि परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से ठीक 30 मिनट पहले केंद्रों के मुख्य द्वार स्थायी रूप से बंद कर दिए जाएंगे। सुबह 9.30 बजे शुरू होने वाली प्रथम पाली के लिए गेट सुबह 9 बजे और दोपहर 3 बजे शुरू होने वाली द्वितीय पाली के लिए गेट दोपहर 2.30 बजे बंद हो जाएंगे। किसी भी कारण से इस समय सीमा के बाद पहुँचने वाले किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इसीलिए सभी को परीक्षा से कम से कम दो घंटे पूर्व केंद्र पर पहुँचने की सलाह दी गई है ताकि उनकी पहचान और सुरक्षा जाँच समय पर पूरी हो सके।
इन कड़े इंतजामों के बीच जगदलपुर शहर में परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। सुबह की पाली में प्राथमिक स्तर के लिए 5,599 डीएड धारी अभ्यर्थी 15 केंद्रों पर परीक्षा देंगे। वहीं दोपहर की पाली में उच्च प्राथमिक स्तर के 8,575 बीएड धारी अभ्यर्थियों की ज्यादा संख्या  के मद्देनजर केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 24 कर दी गई है। अभ्यर्थियों को अपना प्रवेश पत्र और मूल पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड) साथ लाना अनिवार्य होगा। किसी भी दुविधा की स्थिति में सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0771-2972780 और मोबाईल नंबर 82698-01982 जारी किया गया है। इस हेल्पलाइन नंबर पर सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

V V News Vaashvara

जितेंद्र पटेल छत्तीसगढ़ में रहने वाले एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे VV News Vaashvara के प्रशानिक सम्पादक हैं, जहां वे निष्पक्ष और जनहित पत्रकारिता को बढ़ावा देते हैं। पुलिस परिवार कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में, वे पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की समस्याओं को उजागर कर समाधान के लिए सरकार तक पहुंचाते हैं, साथ ही उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा के लिए कई कार्यक्रम चलाते हैं। सूचना का अधिकार के प्रदेश सचिव के रूप में, जितेंद्र पटेल पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में काम करते हैं, जिससे आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं और अधिकारों की जानकारी मिल सके। वे समाज में जागरूकता फैलाने, भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और जरूरतमंद लोगों की मदद करने के लिए लगातार सक्रिय रहते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना और हर वर्ग की आवाज को मंच देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कलेक्टर-एसपी ने जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला की तैयारियों के संबंध में ली बैठक

Wed Jan 21 , 2026
 जांजगीर-चांपा 21 जनवरी 2026/ कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में प्रस्तावित जाज्वल्यदेव लोक महोत्सव एवं एग्रीटेक कृषि मेला 2026 के आयोजन के संबंध में बैठक ली। बैठक में कलेक्टर-एसपी ने मंच, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पार्किंग व्यवस्था, स्टॉल, कानून व्यवस्था, कृषक संगोष्ठी […]

You May Like

Breaking News

advertisement